एक जनवरी 2022 को क्वालीफाइंग तिथि मानकर एक से 30 नवंबर 2021 तक बनाए जाएंगे नए वोट

October 29, 2021

एक जनवरी 2022 को क्वालीफाइंग तिथि मानकर एक से 30 नवंबर 2021 तक बनाए जाएंगे नए वोट

हिसार, 29 अक्टूबर  रवि पथ :

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जनवरी 2022 को क्वालीफाइंग तिथि मानकर 1 से 30 नवंबर 2021 तक नए वोट बनाए जाएंगे।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत मंडलायुक्त चंद्रशेखर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आमजन की सुविधा के लिए 13 व 14 नवंबर तथा 27 व 28 नवंबर को शनिवार और रविवार के दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी बीएलओ मतदान केंद्र पर विशेष कैंप लगाकर दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। मंडलायुक्त चंद्रशेखर ने कहा कि सभी पात्र व्यक्ति जिनकी निर्धारित तिथि को आयु 18 वर्ष हो जाती है तथा वे भारत वर्ष के नागरिक हैं, उनके वोट बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि एक भी पात्र व्यक्ति महिला या पुरुष वोट से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए चुनाव तहसीलदार सतबीर सिंह लांबा ने बताया कि 13 व 14 नवंबर तथा 27 व 28 नवंबर को मतदान केंद्रों पर तथा शेष कार्य दिवसों में बीएलओ के पास जाकर वोट बनवाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में नहीं है और उनकी आयु एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष या इससे अधिक है अथवा होगी। वह उक्त स्थानों पर फार्म नंबर छ: में आवेदन कर सकता है। फार्म के साथ रंगीन फोटो, आयु और निवास प्रमाण पत्र अवश्य लगाएं।