किसानों की दुर्दशा के लिए भाजपा व कांग्रेस जिम्मेदार, प्रदेश में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं: अभय सिंह चौटाला

June 25, 2021

किसानों की दुर्दशा के लिए भाजपा व कांग्रेस जिम्मेदार, प्रदेश में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं: अभय सिंह चौटाला

पूर्व सीएम हुड्डा पर साधा निशाना, षड्यंत्र के तहत हुड्डा ने इनेलो सुप्रीमो को भिजवाया था जेल, अब स्वयं जेल जाने के डर से भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हुड्डा

किसान आंदोलन को इनेलो का पूरा समर्थन, केन्द्र सरकार किसानों से वार्ता कर तीनों काले कृषि कानून ले वापिस

सैंकड़ों युवाओं ने इनेलो का थामा दामन

रोहतक/झज्जर, 25 जून  रवि पथ :

इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि दो साल के कोरोना काल के दौरान प्रदेश की गठबंधन सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड तोड़े हैं और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरियाणा सरकार की पीठ थपथपा रहे हैं जोकि बड़े हैरत की बात है। इससे साबित होता है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को हरियाणा सरकार के कारनामों की जानकारी नहीं हैं। उन्होंने प्रदेश में हुए भ्रष्टाचार के मामलों की केन्द्रीय एजेंसी से जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने किसानों की दुर्दशा के लिए भाजपा व कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। इनेलो नेता ने कहा कि किसान आंदोलन को इनेलो का पूरा समर्थन है और केन्द्र सरकार तुरंत किसानों से वार्ता शुरू कर इन तीन काले कानूनों को वापिस ले।
इनेलो प्रधान महासचिव ने पूर्व सीएम हुड्डा पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं है। पूर्व सीएम हुड्डा ने एक षडयंत्र के तहत इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को जेल भिजवाया था और अब जब स्वयं उन्हें जेल जाने का डर सता रहा है तो वह भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहे है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को झज्जर बाईपास स्थित इनेलो पार्टी कार्यालय में कार्यकत्र्ता सम्मेलन के दौरान कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं को संगठन मजूबती के लिए मूल मंत्र दिया और कार्यकत्र्ताओं का आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं।


पत्रकारों से बातचीत करते उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान प्रदेश में रजिस्ट्री, शराब, धान-बाजरा व कोरोना की दवाईयों की खरीद में जमकर घोटाले हुए और स्वयं मुख्यमंत्री ने शराब घोटाले की जांच के लिए एसईटी बनाई लेकिन आज तक रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया क्योकि इन घोटाले में प्रदेश सरकार की संलिप्ता शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा को संजीवनी देने का काम किया है क्योंकि पूर्व सीएम हुड्डा ने विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव रखकर भाजपा सरकार को आक्सीजन देने का काम किया है। वहीं राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा के सुभाष चन्द्रा को पूर्व सीएम हुड्डा ने सांसद बनवाया तो वहीं भाजपा ने दीपेन्द्र हुड्डा को निर्विरोध राज्यसभा में भेज दिया जिससे साबित होता है कि भाजपा व कांग्रेस आपस में मिले हुए है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के हाथों में खेल में रही है और जनता की कोई चिंता नहीं है। आज प्रदेश भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी व महंगाई में नम्बर वन गया है। देश में तीसरे मोर्चे के गठन की की चर्चाओं को लेकर इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार को हराने के लिए तीसरा मोर्चा ही एकमात्र विकल्प है। साथ ही उन्होंने कहा कि इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला जल्द ही जनता के बीच होंगे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए अहम निर्णय लिए गए हैं और इनेलो पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ है। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, पूर्व मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व विधायक रामकुमार सैनी, सुशील गौतम, डॉ. नफे सिंह लाहली, युवा प्रधान विनेश लाकड़ा, पूर्व सांसद कैप्टन इन्द्र सिंह, पूर्व विधायक बलवंत मायना, कृष्ण कौशिक सहित अनेकों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।