चौ. देवीलाल की प्रतिमा अनावरण समारोह में सर्वदलीय नेताओं को किया आमंत्रित

March 28, 2022

चौ. देवीलाल की प्रतिमा अनावरण समारोह में सर्वदलीय नेताओं को किया आमंत्रित

30 मार्च को महेंद्रगढ़ में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला करेंगे प्रतिमा का अनावरण

नारनौल  रवि पथ :

30 मार्च को महेंद्रगढ़ में दिवंगत पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं युग पुरुष चौधरी देवीलाल की प्रतिमा अनावरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में चौ. देवीलाल के अनुयायी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे तथा इसमें सभी राजनीतिक दलों के नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है। यह जानकारी जजपा के जिला प्रवक्ता सिकंदर गहली ने देते हुए बताया कि जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष तेजप्रकाश यादव ने पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाशा यादव, विधायक डा. अभय सिंह यादव, विधायक सीताराम यादव एवं विधायक राव दानसिंह को निजी तौर पर मिलकर आमंत्रित किया है। इन सभी नेताओं ने समारोह में भाग लेने का विश्वास दिया है। जिला प्रधान तेजप्रकाश यादव ने कहा कि प्रतिमा अनावरण समारोह को लेकर महेंद्रगढ़ क्षेत्र के लोगों ही नहीं, पूरे जिले के लोगों में भारी उत्साह बना हुआ है तथा उन्हें समारोह में जिला महेंद्रगढ़ ही नहीं, अन्य जिलों में रह रहे उनके अनुयायी भी हिस्सा लेने महेंद्रगढ़ आएंगे। महेंद्रगढ़ में चौ. देवीलाल के पार्क बनने से लोगों, खासकर युवाओं, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को सैर-सपाटे में फायदा होगा।

जजपा जिला प्रवक्ता सिकंदर गहली ने ताऊ चौधरी देवीलाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह किसानों ही नहीं, गरीब आम आदमी एवं कमेरे वर्ग के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक कार्य किए। देश में बुजुर्गों को बुढ़ापा पेंशन देकर मान-सम्मान दिलाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि वह त्याग की भी मूर्ति थे। जब देश में उनके नाम पर प्रधानमंत्री बनने की स्वीकारोक्ति हो चुकी थी, तब उन्होंने यह पद त्यागकर अपने चहेते विश्वनाथ प्रताप सिंह को प्रधानमंत्री बना दिया था। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल किसी एक दल के नेता न होकर सर्वदलीय नेता थे और सभी दलों में उनके प्रशंसक मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यह चौ. देवीलाल का ही जलवा था कि लोग आधी रात नहीं, सुबह तीन-चार बजे तक भी उनकी जनसभा होने का इंतजार करते रहते थे। सन 1987 की हरियाणा विधानसभा में उनकी आंधी को आज भी लोग याद करते हैं। उन्होंने 90 सीटों में से 87 सीटें जीतकर देश में रिकार्ड कायम किया था। उन्होंने कहा कि देवीलाल ने साइकिल एवं रेडियो का टैक्स माफ कर इसे आम आदमी की पहुंच में ला दिया था। उनके द्वारा किए गए कल्याणकारी अनगिनत हैं तथा पूरी किताब लिखी जा सकती है। उन्होंने लोगों से उनकी प्रतिमा अनावरण समारोह में बढ़-चढ़कर भाग ेलेने का आह्वान किया है।