पंचायत चुनाव में महिलाओं की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी से ग्रामीण आंचल के विकास को मिलेगी मजबूती : उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

September 29, 2022

पंचायत चुनाव में महिलाओं की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी से ग्रामीण आंचल के विकास को मिलेगी मजबूती : उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

सिरसा, 29 सितंबर रवि पथ :

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं की शिक्षा, विकास व अन्य अधिकारों की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरकार द्वारा पंचायत चुनाव में महिलाओं की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी तय की गई है। महिलाएं भी क्षेत्र के विकास के लिए आगे आएं और अपने क्षेत्र का विकास करने में अहम भूमिका निभाएं।
उप मुख्यमंत्री वीरवार को जिला सिरसा के रोड़ी व कालांवाली में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं भी सुनी और समाधान के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के साथ हमारा पिछली चार पीढिय़ों का रिश्ता है और आमजन के प्यार व समर्थन ने हमेशा हमारा हौसला बढाया है, आगे भी आपके सहयोग व सुझाव के साथ हम सब मिलकर क्षेत्र का विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना के बावजूद सरकार द्वारा ग्रामीण आंचल को मजबूत करने का काम किया है और लोगों को घर द्वार पर ही सुविधाएं मुहैया करवाई गई।
सरकारी खरीद के लिए फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किए
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अगले माह होने वाली फसल खरीद के लिए सरकार द्वारा बाजरा, नरमा, जिरी, दाल, सूरजमुखी आदि फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। दो लाख मीट्रिक टन बाजरा सरकार अपनी खपत के लिए खरीदेगी। इसके अलावा भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों की भरपाई की जाएगी। अधिकारियों को मंडियों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
किसान पोर्टल पर स्वयं कर सकते हैं फसल नुकसान का ब्यौरा दर्ज
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण करवाया हुआ है, वे ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल पर सीधे ही फसलों को पहुंचे नुकसान की जानकारी स्वयं ही दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद कानूनगो व पटवारी पोर्टल पर दर्ज नुकसान का आंकलन कर एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की हर सीजन की फसल को उचित दाम पर खरीदने का काम किया है तथा फसल के दाम भी सीधे किसानों के खाते में भेजे जा रहे हैं।