अनीमिया मुक्त हिसार अभियान के तहत 369 महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की जांच

February 17, 2021

अनीमिया मुक्त हिसार अभियान के तहत 369 महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की जांच

हिसार, 17 फरवरी रवि पथ :

अनीमिया मुक्त हिसार अभियान के तहत रामपुरा मौहल्ला, विजय नगर, मोती नगर तथा रेलवे स्टेशन मार्केट में 369 महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के दौरान 329 महिलाओं व बच्चों में अनीमिया के हल्के लक्षण पाए गए। इनका एचबी स्तर 9 ग्राम से 11.9 ग्राम के बीच में था। 24 महिलाओं व बच्चों में अनीमिया के लक्षण चिंताजनक पाए गए।

इनका एचबी स्तर 7 ग्राम से 8.9 ग्राम के बीच में था। 5 महिलाओं व बच्चों में अनीमिया के गंभीर लक्षण पाए गए। इनका एचबी स्तर 7 ग्राम से भी कम था। जांच के दौरान 11 महिलाएं व बच्चे बिल्कुल स्वस्थ मिले। इनका हीमोग्लोबिन स्तर 12 ग्राम या इससे ऊपर पाया गया।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ पाए गए सभी महिलाओं व बच्चों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशंसा-पत्र वितरित किए गए। जिन महिलाओं व बच्चों का हीमोग्लोबिन स्तर निर्धारित स्तर से नीचे था, उन्हें एक माह के लिए आयरन, फॉलिक एसिड तथा अन्य दवाईयां नि:शुल्क वितरित की गई। दवाओं के वितरण के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से उन्होंने स्वस्थ खान-पान के लाभ तथा जंकफूड के नुकसान के बारे मेें भी बताया गया।