पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य देश के सभी वीर सपूतों और बलिदान देने वालों के योगदान को आमजन तक पहुंचाना है।

August 12, 2022

पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य देश के सभी वीर सपूतों और बलिदान देने वालों के योगदान को आमजन तक पहुंचाना है।

हिसार, 12 अगस्त रवि पथ :

वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हिसार के बरवाला में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित “आजादी की गौरव यात्रा” में शिरकत की। हरी चंद लोहिया धर्मशाला से शुरू होकर आजादी गौरव यात्रा पूरे शहर में निकाली गई। यात्रा स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों तथा कांग्रेस पार्टी के योगदानों को आमजन तक पहुंचाने के लिए निकाली गई।

यात्रा के दौरान कुमारी सैलजा ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने इस पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस देश को आजाद कराने में लाखों लोग जेलों में गए, हजारों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। आजादी के लिए अनेक वीरों ने बलिदान दिए। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य देश के सभी वीर सपूतों और बलिदान देने वालों के योगदान को आमजन तक पहुंचाना है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश के हित की लड़ाई लड़ी है। आजादी के लिए कांग्रेस का गौरवशाली इतिहास है। आजादी के बाद देश के विकास में कांग्रेस का जो योगदान रहा, वह किसी से छिपा नहीं है। कांग्रेस के नेताओं ने अनेकों यातनाएं झेली, देश की स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी और देश को आजाद कराया। आजादी के बाद कांग्रेस की सरकारों ने देश को हर मोर्चे पर ताकत दी। कांग्रेस के उसी आंदोलन व कांग्रेसियों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की कहानी लोगों तक पहुंचाने व देश की आजादी की लड़ाई लड़ते शहीद हुए शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आजादी की गौरव यात्रा निकाली जा रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि जो आजादी हमें गांधी जी के नेतृत्व में प्राप्त हुई, उसे बचाकर रखना हमारा कर्तव्य है। जनविरोधी भाजपा सरकार का हमारे देश के लोकतंत्र और जनता पर प्रहार जारी है। जिस तरह से देश मे बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है वो बेहद चिंताजनक है। सरकार किसानों और युवाओं को बर्बाद करने वाली नीतियां बना रही है। आज आम आदमी की आवाज बन हर कांग्रेसी को वैसे ही खड़ा होना पड़ेगा, जैसे स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजी शासन के खिलाफ खड़े हुए थे।

कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों ने देश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। देश का गरीब और गरीब होता जा रहा है। आज देश का हर वर्ग त्रस्त है। मगर सरकार का ध्यान लोगों को बांटने पर है। भाजपा सरकार की राजनीति देश के लिए खतरनाक साबित हो रही है और इसके खिलाफ आवाज बनकर हम सभी को खड़े होना पड़ेगा। देश के मूल मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस नेताओं को षडयंत्रपूर्वक बदनाम करने की नीयत से जो केन्द्र सरकार कार्य कर रही है, उसमें वह कभी कामयाब नहीं होगी। कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी और जन-जन के प्रिय नेता श्री राहुल गांधी जी देशवासियों के हित की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रहे हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज उठा रही है। कांग्रेस की आवाज भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों से दबने वाली नहीं है।

इस अवसर पर पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, भूपेंद्र गंगवा,लाल बहादुर खोवाल, रामनिवास राड़ा, बाला देवी खेदड़, जगन्नाथ, अश्विनी शर्मा, विजेंद्र कपूर, प्रमोद सिवाच, डॉ मनदीप पुनिया, जगबीर मलिक, राजेश सौकद , सज्जन गैबीपुर, मुकेश गर्ग, सलीम काला, कर्ण सिंह नैन आदि मौजूद रहे।