आजादी के अमृत महोत्सव को एक पर्व के रूप में मनाएं : रणधीर सिंह धीरू

August 12, 2022

आजादी के अमृत महोत्सव को एक पर्व के रूप में मनाएं : रणधीर सिंह धीरू

मिलगेट क्षेत्र में भाजपाइयों ने निकाली तिरंगा यात्रा, जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत

हिसार रवि पथ :

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के बरवाला हलका के मिलगेट मंडल द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा जिला सचिव रणधीर सिंह धीरू ने किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी मुकेश रानी भी विशेष रूप से उपस्थित रही। रणधीर सिंह धीरू इस यात्रा के दौरान देशभक्ति के रंग में रंगे दिखे। उन्होंने पूरी यात्रा के दौरान हाथ में तिरंगा थामे रखा। साथ ही ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
मिलगेट क्षेत्र स्थित गवर्नमेंट कालोनी के पार्क से आरंभ हुई तिरंगा यात्रा कैंची चौक तक पहुंच सम्पन्न हुई। इस तिरंगा यात्रा को लेकर लोगों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। वहीं यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र तिरंगामय हो गया। तिरंगा यात्रा का रास्ते में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा जिला सचिव रणधीर सिंह धीरू ने कहा कि आज देश की आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। यह आजादी हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण मिली है। उनके बलिदान के कारण ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव उन स्वतंत्रा सेनानियों की कुर्बानियों को याद करने और युवाओं को उनके बारे में जागरूक करने के लिए मनाया जा रहा है।
रणधीर सिंह धीरू ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को हमें एक पर्व के रूप में मनाना चाहिए और 13 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होकर अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान है। तिरंगा के मान व सम्मान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आम जनता खास कर युवाओं ने जिस प्रकार से तिरंगा यात्रा में भाग लिया है, उससे साफ है कि यह यात्रा अपने उद्देश्य में पूरी तरह से सफल हुई है और युवाओं में देशभक्ति की भावना का संचार हुआ है। उन्होंने इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए मिलगेट की जनता को बधाई दी।
इस अवसर पर राजपाल नियाणा, प्रवीन सैनी, बनवारीलाल, रणबीर शर्मा, कुलदीप भगत, रतन सिंह, जोनी मेहरा, सुबे सिंह गुलिया, कृष्ण बारह क्वार्टर, पवन रोहिल्ला, रामाशंकर, सुनीता नागपाल, बेबी शर्मा, नीलम शर्मा, अजीत पटवारी, पप्पू एमसी, मुकेश कामरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

बहन-भाई का अटूट प्रेम का त्यौहार है रक्षाबंधन : रणधीर सिंह धीरू
बरवाला विधानसभा के मिलगेट क्षेत्र स्थित गर्वनमेंट कॉलोनी पार्क में पूर्व चेयरमैन एवं जिला सचिव रणधीर सिंह धीरू व उनकी धर्मपत्नी मुकेश रानी ने 101 बहनों से राखी बंधवा कर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। इस दौरान बहनों ने सावन मास के गीत गाकर त्यौहार को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। रणधीर सिंह धीरू ने इस अवसर पर कहा कि आज आपने मुझे राखी बांध कर मेरी जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ा दी है। उन्होंने सभी बहनों को विश्वास दिलवाया कि एक भाई के रूप में कभी किसी प्रकार की कमी महसूस नहीं होने दूंगा।