विकसित भारत संकल्प यात्रा के नाम पर भाजपा कर रही सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग : लाल बहादुर खोवाल

December 2, 2023

विकसित भारत संकल्प यात्रा के नाम पर भाजपा कर रही सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग : लाल बहादुर खोवाल

भाजपा अपने प्रचार के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के नाम पर कर रही छलावा : लाल बहादुर खोवाल

विकसित भारत संकल्प यात्रा में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर कानूनी कार्रवाई पर किया जा रहा विचार

हिसार रवि पथ  :

भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि तमाम सरकारी उपक्रमों को भाजपा अपने प्रचार-प्रसार के लिए झोंक रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने एजेंडे के तहत चुनाव प्रचार करने के लिए सरकारी अधिकारी, राजकीय विद्यालय परिसर, सरकारी प्रिंसिपल, शिक्षक, स्टाफ व विद्यार्थियों का इस्तेमाल कर रही है।
लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भाजपा अपने मंत्रियों व विधायकों के नेतृत्व में सरकारी विद्यालयों को राजनीतिक आयोजनों के लिए प्रयोग कर रही है। इतना ही नहीं बहुत से सरकारी संस्थानों का भी दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रचार के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट मंथन कर रहा है। एडवोकेट खोवाल ने कहा कि पार्टी के प्रचार के लिए भाजपा को सरकारी की अपेक्षा व्यक्तिगत संसाधनों का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि भाजपा ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के नाम पर सरकारी खर्चे पर कई रथों का निर्माण करवाया है। इन रथों का उद्देश्य अप्रत्यक्ष रूप से पार्टी का प्रचार करना ही है। उन्होंने कहा कि भाजपा दावा करती है कि इन यात्राओं के माध्यम से जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा जबकि वास्तविकता तो यह है कि भाजपा ने हमेशा जनविरोधी नीतियां ही लागू की हैं।
हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भाजपा के कई मंत्री जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करके भी जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं। भाजपा नेता दावा करते हैं कि इन यात्राओं व जनसंवाद कार्यक्रमों में जनता की समस्याओं का समाधान किया जाता है। इसके विपरीत इन कार्यक्रमों में आम आदमी की सुनने वाला कोई मौजूद ही नहीं होता और न ही किसी समस्या का समाधान होता है। ऐसे सभी कार्यक्रम केवल पार्टी को सुर्खियों में लाने का माध्यम भर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता दावा करते हैं कि सरकार राशन कार्ड व पेंशन बनवाने की योजना पर काम कर रही है। असलियत तो यह है कि भाजपा ने मनमानी करते हुए और मनमर्जी की आय दिखाकर लाखों लोगों के राशन कार्ड काट दिए और लाखों पात्र लोगों की पेंशन बंद कर दी है। ऐसे पीड़ित लोग अब न्याय के लिए दर-दर की ठोकरे खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को ऐसी गलत नीतियों का खामियाजा आने वाले लोकसभा चुनाव व हरियाणा विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

 

Tags: ,