मैं भिवानी से बाहर निकली तो लोगों को परेशानी होती है, हमारे कई शुभचिंतक, उनके लिए मैं तकलीफ बनी हुई हूँ: किरण चौधरी

January 2, 2023

मैं भिवानी से बाहर निकली तो लोगों को परेशानी होती है, हमारे कई शुभचिंतक, उनके लिए मैं तकलीफ बनी हुई हूँ: किरण चौधरी

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह

खेलमंत्री संदीप सिंह पर लगे आरोप बहुत गंभीर, मामले की तह तक जाकर कड़ी कार्यवाही की जाए

भिवानी, 2 जनवरी रवि पथ :

कांग्रेस की दिग्गज नेत्री किरण चौधरी ने एक बार फिर भाजपा में जाने की चर्चाओं को लेकर अपने विरोधियों पर निशाना साधा और साथ ही कहा कि भारत जोड़ों यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। पानीपत रैली व राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। साथ ही खेल मंत्री संदीप सिंह पर लगे आरोपों पर भी अपनी राय रखते हुये एसवाईएल राजनीति की भेंट चढऩे की बात कही।
भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में आज अपने निवास स्थान पर भिवानी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, फतेहबाद, हिसार व सिरसा से आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से भारत जोड़ो यात्रा में बढ़चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने चौ. बंसीलाल व चौ. सुरेंद्र सिंह से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यात्रा के लिए ड्यूटियां भी लगाई।
इससे पूर्व पत्रकारों से बातचीत करते हुए किरण चौधरी ने खेल मंत्री संदीप सिंह पर लगे छेडख़ानी के मामले को बहुत गंभीर बताया और कहा कि सरकारी पदों पर बैठे लोग ऐसा करेंगे तो बहुत घिनौना काम होगा। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए। वहीं नोटबंदी पर आए सुप्रीम कोर्ट के आदेश को उन्होंने स्वीकार करते हुए इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने की चर्चाओं पर किरण चौधरी ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिसमें दम होता है उसी की आलोचना की जाती है। उन्होंने कहा कि वो भिवानी से निकल कर हरियाणा में दौरे करने लगी तो कुछ लोगों को परेशानी होने लगी और वही लोग फिर उनके भाजपा में जाने की अफवाह उड़ाने लगे। किरण ने कहा कि वे लोग जानते नहीं है कि ऐसी चर्चाओं से मेरा नहीं, बल्कि उन्हीं का नुकसान होता है।

उन्होंने एसवाईएल को लेकर पंजाब व हरियाणा के मुख्यमंत्रियों की होने वाली बैठक पर कहा कि एसवाईएल राजनीति की भेंट चढ़ चुकी है। इस पर पहले कोई फैसला नहीं हुआ तो अब क्या होगा। ं शराब घोटाले को लेकर किरण चौधरी सख्त नजर आई। उन्होंने कहा कि एक तरफ हरियाणा सरकार कर्ज में डूबी पड़ी है, उपर से शराब घोटाले से सरकार को करोड़ों रूपये के राजस्व की चपत लगी है। ऐसे में प्रदेश का विकास कैसे होगा।
किरण चौधरी ने कौशल रोजगार पर सवाल खड़े करते हुये सीईटी की परीक्षा हर साल करवाने की माँग की। साथ ही एससी बच्चों की छात्रवृति व भूमाफिया द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जों को लेकर हरियाणा सरकार को घेरा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेसी नेता राम प्रताप शर्मा, अमरसिंह हालुवासिया, कृष्ण लेघां, देवराज महता, परमजीत मडडू, ओम प्रकाश, शीशराम मेचू, मीनू अग्रवाल, अशोक ढोला, शीशराम, हरी सिंह सांगवान, दिलबाग निमड़ी, अजीत फोगाट, विजय खोरड़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।