पंजाब में बड़ा सियासी गठजोड़, शिअद और बसपा ने 25 साल बाद मिलाया हाथ, जानें किन 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बसपा

पंजाब में बड़ा सियासी गठजोड़, शिअद और बसपा ने 25 साल बाद मिलाया हाथ, जानें किन 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बसपा

शिअद के अध्‍यक्ष सुखबीर सिंह बादल और बसपा नेता सतीश मिश्रा चंडीगढ़ में पत्रकारों से की बात।

पंजाब में 2022 में होनेवाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बड़ा सियासी गठजोड़ हुआ है। शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के बीच गठबंधन हुआ है। दोनों दल 25 साल बाद एक साथ आए हैं। गठबंधन का एलान शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल व बसपा नेता सतीश मिश्रा ने किया।

चंडीग़ढ़ रवि पथ :

पंजाब में 2022 में होनेवाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नए सियासी समीकरण और गठजोड़ बनने शुरू हो गए हैं। अब उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती और पंजाब के पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रकाश सिंह बादलव पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की पार्टियां करीब आ गई हैं। शिअद और बसपा में आज गठबंधन हो गया। शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल और बसपा नेता सतीश मिश्रा ने यहां यह एलान किया। दोनों दल मिल कर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। तीन कृषि कानूनों को लेकर भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन टूटने के बाद शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से 25 साल बाद साथ आए हैं।

विधानसभा चुनाव में बसपा के हिस्‍से में 20 सीटें और शिअद 97 सीटों पर चुनाव में उतरेगी
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में सुखबीर सिंह बादल और सतीश मिश्रा ने गठबंधन के बारे में घोषणा की। सुखबीर ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में कुल 117 सीटों में ये 20 पर बसपा चुनाव लड़ेगी और शिअद 97 सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी।


इस अवसर पर बसपा नेता और सांसद सतीश मिश्रा ने कहा कि यह पंजाब की सियासत में यह ऐतिहासिक दिन है, जब बसपा और शिअद का गठबंधन हुआ है। अब पंजाब की यह सबसे बड़ी सियासी ताकत हो गई है। 1986 में दोनों प‍ार्टियों ने साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा था तो राज्‍य की 13 सीटों में से 11 पर जीत दर्ज की थी।
इन 20 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी बसपा
राज्य की 117 सीटों में से जिन बीस सीटों पर बहुजन समाज पार्टी लड़ेगी, सुखबीर बादल ने आज उसका भी ऐलान कर दिया है। इनमें करतारपुर, जालंधर पश्चिमी, जालंधर उत्तरी, फगवाड़ा, होशियारपुर, टांडा, दसूहा,  चमकौर साहिब, बस्सी पठाणा, महिल कलां, नवांशहर, लुधियाना नार्थ, पठानकोट, सुजानपुर, भोआ,  आनंदपुर साहिब, मोहाली, अमृतसर नार्थ, अमृतसर सेंट्रल और पायल विधानसभा हलके शामिल हैं।