संदीप जोशी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की तैयारी में BJP आलाकमान, जल्द हो सकता है ऐलान : सूत्र

July 4, 2020

संदीप जोशी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की तैयारी में BJP आलाकमान, जल्द हो सकता है ऐलान : सूत्र

रवि पथ ब्यूरो 4 जुलाई 2020 चंडीगढ़


हरियाणा में बीजेपी के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर काफी दिनों से चर्चा जोरों पर है। माना जा रहा था कि जुलाई के पहले सप्ताह की शुरुआत में ही प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी हो जाएगी, लेकिन अभी ऐसा नहीं हुआ। नए प्रदेशाध्यक्ष को लेकर कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। पहले जहां सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का नाम सामने आ रहा था, तो वहीं अब खबरें सामने आ रही हैं कि पार्टी हाईकमान संदीप जोशी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की तैयारी में जुटा गया है। बता दें कि बीजेपी में कोई भी व्यक्ति 6 साल से ज्यादा समय तक प्रदेश अध्यक्ष नहीं रह सकता ऐसे में जल्द ही संदीप जोशी मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला की जगह ले सकते हैं।

कौन है संदीप जोशी?

भारतीय जनता पार्टी के समर्पित सिपाही के रूप में संदीप जोशी की पहचान है। चुप रहकर अपना काम करने में विश्वास करते हैं और पार्टी के नियमों को अनुशासन के साथ पालन करते हैं। संगठन में कई अहम जिम्मेदारियों पर रहे हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे रमेश जोशी (1993-98) के बेटे संदीप जोशी फरीदाबाद के रहने वाले हैं। संदीप जोशी भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष रहे हैं और प्रदेश सचिव भी रहे हैं। फिलहाल हरियाणा हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन हैं।

भाजपा के कई नेताओं के नाम रहे थे सुर्खियों में….

भाजपा पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल पूरा होने के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया काफी दिनों से शुरू है। इसको लेकर के भाजपा पार्टी के कई दिग्गज नेताओं के नाम सामने आते रहे हैं। जिसमें ओमप्रकाश धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु, संदीप जोशी, कृष्ण पाल गुर्जर के अलावा सुभाष बराला के भी दोबारा बनाने जाने की चर्चाएं जोरों पर रही, लेकिन पिछले सप्ताह से लेकर अब तक कृष्णपाल गुर्जर का नाम सबसे ऊपर रहा, परन्तु अब फिर संदीप जोशी का नाम सुर्खियों में है।