विधानसभा हांसी एक नजर-ताजा खबर

August 17, 2023

हांसी

हांसी बाईपास पर सवारियों से भरी स्लीपर बस पलटी, हादसे में करीब दो दर्जन से अधिक लोग घायल

हांसी में बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि हादसा बेसहारा पशुओं के बस के आगे आने के कारण हुआ। बस दिल्ली से राजस्थान के अनूपगढ़ के लिए जा रही थी। बस में 65 के करीब सवारी थी।हांसी में बाईपास पर सोमवार देर रात करीब 2 बजे सवारियों से भरी स्लीपर बस अचानक से पलट गई। हादसे में करीब 2 दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए हिसार रेफर पर किया गया है। वही मामले में पुलिस छानबीन कर रही है।बताया जा रहा है कि हादसा बेसहारा पशुओं के बस के आगे आने के कारण हुआ। बस दिल्ली से राजस्थान के अनूपगढ़ के लिए जा रही थी। बस में 65 के करीब सवारी थी। जब बस हांसी बाईपास पर सैनीपुरा गांव के पास पहुंची तो सामने एकदम से आवारा पशु आ गए। जिस कारण बस चालक नियंत्रण खो बैठा। बस पलटने से उसमें सवार लोगों को चोटें लगी।

हांसी

हांसी में श्याम बाबा को तिरंगे की तर्ज पर सजाया गया, 100 किलो फूलों का इस्तेमाल हुआ

हांसी में स्थित श्याम बाबा मंदिर में श्रृंगार का नजारा हर बार अलग देखने को मिलता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी बाबा के दरबार को तिरंगें से सजाया गया है। वहीं, मूर्ति की सजावट के लिए करीब 100 किलो फूलों का इस्तेमाल कर तिरंगा बनाया गया है।पूरा देश 77 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर घर पर तिरंगा लगाने का आह्वान कर चुके हैं। तो भला इसमें हांसी का श्याम बाबा का मंदिर पीछे कहां रहने वाला था। हांसी के श्री श्याम मंदिर में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। शहर के विश्वकर्मा चौक स्थित श्री श्याम बाबा मंदिर में मूर्ति का श्रृंगार तिरंगे की तर्ज पर फूलों से किया गया। इन फूलों को दिल्ली व कोलकाता से मंगाया गया। वहीं, पूरे मंदिर परिसर में तिरंगे झंडे लगाए गए।

 

हांसी

सीएमओ डॉ. नरेश पर निजी अस्पताल संचालक से पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप, केस दर्ज

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नागरिक अस्पताल के सीएमओ डॉ. नरेश कुमार पर पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने पर केस दर्ज किया है। इस बारे में हांसी के बालाजी अस्पताल के संचालक डॉ. साहिल ने शिकायत दी थी। सीएमओ द्वारा प्रताड़ित न करने की एवज में 10 लाख रुपये मांगे थे और बाद में पांच लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में हांसी के उत्तम नगर निवासी डॉ. साहिल ने बताया कि उसका हांसी में बालाजी अस्पताल है। वहां पर पत्नी सोमिका और डॉ. किरण सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई 2023 को पूनम नाम की महिला लेबर दर्द के चलते अस्पताल में आई थी। उस समय उसकी तबीयत ज्यादा खराब थी और इंसानियत के नाते डॉ. सोमिका और किरण ने उसकी डिलीवरी करवा दी, उसे जिंदा लड़की पैदा हुई थी। पूनम के पति सुरेश को बोला था कि लड़की की हालत नाजुक है उसे दूसरे अस्पताल में ले जाओ, लेकिन, वह लेकर नहीं गए और कुछ समय बाद बच्ची की मौत हो गई। 29 जुलाई की शाम को पीएनडीटी की टीम अस्पताल में पहुंची। टीम का नेतृत्व डॉ. प्रभुदयाल कर रहे थे। उनके साथ दो डॉक्टर और थे। उन्होंने कहा कि यहां से पहले 22 जुलाई को हांसी के एक अस्पताल में छापा मारा था। वहां पर एक महिला मरीज पूनम को एमटीपी किट दी गई थी। इसके बाद वह अस्पताल में आई और यहां पर गर्भपात कर दिया गया।

हांसी

हत्या के मामले में चार दोषियों को आजीवन कारावास

एडीजे गगनदीप मित्तल की अदालत ने हांसी के युवक भारत की हत्या के मामले में गौरव, मुनीष नरूला व उसके दो बेटे मोनू व शेरू को उम्रकैद की सजा सुनाई है। सजा के अलावा चारों दोषियों पर 20- 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, अदालत ने आरोपी खैराती और विक्की को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। इस संबंध में हांसी शहर थाना पुलिस ने 15 अप्रैल 2016 को हांसी के मुल्तान नगर कॉलोनी निवासी गुलशन की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया था।शहर थाना में दी गई शिकायत में गुलशन ने बताया था कि वह ट्रक यूनियन में आरसी, लाइसेंस के फार्म भरने का काम करता था और उसका छोटा भाई भारत भी साथ में काम करता था। करीब दो माह पूर्व उसके भाई भारत का मोनू और शेरू नरूला के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद से वे उससे रंजिश रखते थे। 14 अप्रैल 2016 की रात को वह अपने भाई भारत के साथ गली में बैठा था। रात करीब 10 बजे किसी ने उसके भाई को आवाज लगाई तो वह उठकर सरकारी स्कूल की तरफ चला गया। इसके बाद वह उसके पीछे-पीछे गया तो देखा कि मोनू नरूला, शेरू नरूला, उसके पिता मुनीष नरूला ने उसके भाई को पकड़ा हुआ था और उनके साथ मोनू का साढ़ू व शेरू का साला व अन्य भी थे। जब भारत स्वयं को छुड़वाकर भागने लगा तो उक्त आरोपियों ने उसे पीटा। इसके बाद मोनू व शेरू ने पिस्तौल से भाई को गोलियां मार दी। बाद में मुनीष ने मोनू के हाथ से पिस्तौल लेकर भारत को गोली मारी। जब वह भारत को अस्पताल लेकर पहुंचा, तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

Tags: , , , ,