लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा एनडीए : मनोहर लाल

April 7, 2024

लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा एनडीए : मनोहर लाल

-प्रत्याशी चयन में कोई नाराज नहीं, दुष्प्रचार करने वालों को जनता देगी जवाब

हिसार रवि पथ न्यूज :

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी लोकसभा में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। भाजपा 370 से अधिक सीटें जीतेगी और एनडीए मिलाकर 400 से अधिक सीटें जीतेगा।
मनोहर लाल खट्टर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पार्टी स्थापना दिवस पर सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि किसी समय मात्र दो सांसदों वाली पार्टी आज न केवल भारत बल्कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है और अपने शासनकाल में केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी व देशहित के कार्यों की बदौलत जनता तीसरी बार भाजपा को सत्ता सौंपने जा रही है। कांग्रेस द्वारा संकल्प पत्र जारी किए जाने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है लेकिन सभी पार्टियों को स्वस्थ लोकतंत्र की पालना करते हुुए आगे बढ़ना चाहिए।
एक सवाल के जवाब में मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने प्रत्याशी अभी तक तय नहीं कर पाई है। इससे कांग्रेस की कमजोरी व गुटबाजी का पता चलता है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के उम्मीदवार सामने आ जाएंगे तो ही हम इस बारे में कुछ कह पाएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भाजपा के उम्मीदवार बदले जाने के संबंध में बातें फैला रहे हैं, जो मात्र अफवाह है और ऐसे लोगों की ओच्छी हरकतें है। ऐसे लोगों को जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है और सोझ समझकर उम्मीदवार तय करती है। ऐसे में किसी को बदलने का सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी प्रत्याशी सामाजिक व साफ छवि के हैं और सभी ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि यह रणदीप सुरजेवाला की ओच्छी मानसिकता का परिचायक है। किसी महिला पर इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में किसान हितैषी सरकार है और हरियाणा में तो भाजपा सरकार ने किसानों को आज तक का सबसे अधिक मुआवजा दिया है। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन में कुछ नेताओं के नाराज होने के सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि ​कोई नाराज नहीं है, सभी प्रचार में लगे हैं और यदि कोई नाराज है तो उन्हें मना लेंगे, बहुत टाइम है अभी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, हिसार से पार्टी उम्मीदवार रणजीत सिंह, विधायक विनोद भ्याणा, जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग, पूर्व मेयर गौतम सरदाना सहित अन्य पार्टी नेता भी उपस्थित रहे।

Tags: , , , , ,