प्रदेश की जनता को लूटने में लगी है बीजेपी-जेजेपी सरकार : अश्विनी दुलहेड़ा

July 19, 2022

प्रदेश की जनता को लूटने में लगी है बीजेपी-जेजेपी सरकार : अश्विनी दुलहेड़ा

घरेलू जलापूर्ति में पांच सौ प्रतिशत वृद्धि नाजायज : अश्विनी दुल्हेड़ा

बढ़े रेट वापस नहीं लिए जाते तो करेंगे विधानसभा का घेराव : अश्विनी दुल्हेड़ा

चरखीदादरी, 19 जुलाई रवि पथ :

प्रदेश की बीजेपी जेजेपी सरकार जनता को लूटने में लगी है। जिस प्रकार हर नया दिन एक नई उम्मीद लेकर आता है। उसी प्रकार बीजेपी जेजेपी सरकार हर नया दिन जनता को लूटने की नीतियों से शुरुआत करती है। ये बात आम आदमी पार्टी के मध्य जोन के संयोजक अश्विनी दुल्हेड़ा ने कही। वे मंगलवार को चरखी दादरी में प्रेस कांफ्रेंस में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि घरेलू जलापूर्ति के रेटों में सरकार ने 500% की वृद्धि की है और औद्योगिक जलापूर्ति में ढाई सौ प्रतिशत की वृद्धि की है। अगस्त माह से यह रेट लागू हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सरासर जनता को लूटने की साजिश है।

आप नेता अश्विनी दुल्हेड़ा ने कहा कि अगर ये बढ़े हुए रेट जल्द से जल्द वापस नहीं लिए जाते तो आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में धरने प्रदर्शन करेगी। इसके साथ-साथ उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। उन्होंने खट्टर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार ने प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया है। अगर यह बढ़े हुए रेट वापस नहीं लिए जाते तो आम आदमी पार्टी विधानसभा का घेराव करेगी।

इसके साथ प्रदेश को बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार में भी नंबर वन बनाने का काम खट्टर सरकार ने किया है। उल-जलूल फैसले प्रदेश की जनता पर थोपे जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में जनता सरकार को सबक सिखाने का काम करेगी और 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार जनता को दिल्ली की तर्ज पर सुविधाएं देने का काम करेगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष रिम्पी फोगाट, जिला प्रवक्ता सत्यवीर बाघेश्वरी, बलबीर नेहरा, सुरेन्द्र छोटा, नित्यानंद, रामखेल साहू, सुनीता, रोशनी, सुमन, ज्योति, राहुल व नरेश मौजूद रहे।