नूंह में अवैध खनन माफिया द्वारा हरियाणा पुलिस के डीएसपी की हत्या के संदर्भ में  जयराम रमेश, संसद सदस्य और महासचिव, संचार, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा जारी वक्तव्य

July 19, 2022

नूंह में अवैध खनन माफिया द्वारा हरियाणा पुलिस के डीएसपी की हत्या के संदर्भ में  जयराम रमेश, संसद सदस्य और महासचिव, संचार, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा जारी वक्तव्य

19 जुलाई 2022 रवि पथ :

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हरियाणा के नूंह में अवैध खनन माफिया द्वारा हरियाणा पुलिस के एक डीएसपी  सुरेन्द्र सिंह की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करती है और दोषियों के खिलाफ़ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करती है। हमारी संवेदनाएं श्री सुरेन्द्र सिंह के परिवार के साथ हैं।

भाजपा कार्यकाल के दौरान हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है। सरकारी संरक्षण में फल-फूल रहे अवैध खनन माफियाओं की हिम्मत अब इतनी बढ़ गई है कि उन्होंने नूंह जिले के तावडू में हरियाणा पुलिस के एक डीएसपी पर डंपर चढ़ाकर हत्या कर दी। यह शर्मनाक घटना हरियाणा में पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था का एक और ज्वलंत उदाहरण है, जहाँ अपराधी सरे आम तांडव कर रहे हैं और प्रदेश की जनता उन अपराधियों के खौफ के साए में जीने को मजबूर है।

इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और इस पूरे मामले की उच्च न्यायालय की देखरेख में स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। इस शर्मनाक घटना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री,  मनोहर लाल खट्टर को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है और उन्हें अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।