शक्ति केंद्र प्रमुख, पालक एवं त्रिदेव हैं जीत की कुंजीः ढांडा

April 28, 2022

शक्ति केंद्र प्रमुख, पालक एवं त्रिदेव हैं जीत की कुंजीः ढांडा

तरावडी पालिका चुनाव के दृष्टिगत राज्यमंत्री ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक

चाय पर चर्चा के माध्यम से जाना माहौल, अंत्योदय उत्थान हमारा लक्ष्य

तरावडी रवि पथ :

महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सशक्त कडी उसके कार्यकर्ता हैं, जो शक्ति केंद्र प्रमुख, पालक एवं त्रिदेव की भूमिका में होकर जीत की कुंजी बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अंत्योदय उत्थान की योजना से आम नागरिक का सामाजिक, आर्थिक स्तर बेहतर हो रहा है और इसके बूते पर भाजपा तरावडी में बडे अंतर से कमल का फूल खिलाकर विरोधियों को धूल चटाएगी।

वीरवार को तरावडी नगर पालिका चुनाव के संबंध में प्रवास प्रभारी के नाते महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने शिव शक्ति संकीर्तन भवन परिसर में तरावडी के सक्रिय पदाधिकारियों की बैठक ली। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बूते पर ही विश्व के सबसे बडे राजनीतिक दल के तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर स्थापित हुई है। आप जैसे जिम्मेदार व कर्मठ कार्यकर्ताओं के कारण संगठन का देश, प्रदेश में गुणात्मक विस्तार हुआ है। हमारे लिए गर्व की बात है कि हम सभी देश, समाज को मजबूत बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं और यही अंतर अन्य राजनीतिक दलों पर भाजपा को श्रेष्ठ बनाती है।

उन्होंने संगठन की ताकत का जिक्र करते हुए कहा मेरी जैसी साधारण कार्यकर्ता, जिसे संगठन ने ही आगे बढाते हुए सरकार के माध्यम से आमजन की सेवा करने का अवसर दिया है। आज संगठन द्वारा मुझे चुना गया है तो कल आप में से ही किसी कार्यकर्ता को यह दायित्व मिलने वाला है। इसलिए संगठन द्वारा जो भी होमवर्क दिया जाता है, उसे गंभीरता से लें तथा उसके अनुरूप आगामी कदम उठाएं। जो कार्यकर्ता सही दिशा में काम करता है, उसे कोई न कोई आंख देख रही होती है।

राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि तरावडी नगर पालिका चुनाव में भाजपा सबसे बेहतर स्थिति में है और कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए तरावडी में कमल को फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र-प्रदेश सरकार की नीतियों को गरीब, वंचित परिवारों तक लाभ पहुंचाने के लिए तथा उनके उत्थान के लिए तरावडी नगर पालिका में भाजपा की जीत सुनिश्चित करें। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, पूर्व विधायक भगवान दास कबीरपंथी, पालिका चुनाव प्रभारी गजेंद्र सलूजा, पालिका विस्तारक सुभाष भगत, मंडल अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, मंडल प्रभारी सुमेर चंद कम्बोज, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष संयोगिता गुप्ता, मंडल महामंत्री रणजीत भारद्वाज, मास्टर अमर सिंह समेत वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।