भाजपाइयों के मुंह से अमृत शब्द शोभा नहीं देता। यह तो सिर्फ देश में जहर फैलाने का काम कर रहे है : लालजी देसाई

May 26, 2022

भाजपाइयों के मुंह से अमृत शब्द शोभा नहीं देता। यह तो सिर्फ देश में जहर फैलाने का काम कर रहे है : लालजी देसाई

रेवाड़ी रवि पथ न्यूज़ :

कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई ने आज रेवाड़ी में भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किए और कहा कि भाजपा देश की जनता को मुद्दों से भटकाने का काम कर रही है। भाजपा का काम बुलडोजर चलाना है तो हमारा काम आशियाने बनाना है, लेकिन देश और कांग्रेस की विचारधारा एक है और इसी विचारधारा को लेकर कांग्रेस लगातार आगे बढ़ रही है। लालजी देसाई आजादी की गौरव यात्रा के दौरान भारी संख्या में उमड़े कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच रेवाड़ी के प्रजापति चौक पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
लालजी देसाई ने भाजपा के आजादी के अमृत महोत्सव पर भी कटाक्ष किया और कहा कि भाजपाइयों के मुंह से अमृत शब्द शोभा नहीं देता। यह तो सिर्फ देश में जहर फैलाने के बाद अमृत का नाम ले रहे हैं। वहीं देश में कांग्रेस के घटते ग्राफ को लेकर पूछे गए सवाल पर लालजी देसाई ने कहा कि साल 1977 में भी लोगों को लगने लगा था कि कांग्रेस खत्म हो गई है, लेकिन हम फिर से उभर आए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की मुखबिरी करने वाले लोग आज सत्ता में हैं।
वही 53वे दिन रेवाड़ी में गौरव यात्रा का नेतृत्व कर रहे विधायक चिरंजीव राव ने भी भाजपा को आड़े हाथों लिया और कहा कि भाजपा की विचारधारा देश को बांटने वाली है, लेकिन कांग्रेस सेवादल ने जिस तरह देश की आजादी में बड़ा योगदान दिया, उसी सोच के साथ अब कांग्रेस सेवादल इस यात्रा के माध्यम से देश को जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज बेरोजगारी में आज नंबर वन है। सरकारी नौकरियां मिलना तो दूर प्राइवेट नौकरियों से भी युवाओं को निकाला जा रहा है और हालात बद से बदतर हो चले हैं।
आपको बता दें कि 6 अप्रैल को गुजरात के साबरमती से शुरू हुई कांग्रेस की यह गौरव यात्रा बीते दिन राजस्थान की सीमा से जयसिंहपुर बॉर्डर खेड़ा के रास्ते हरियाणा के रेवाड़ी जिला में प्रवेश हुई थी, जहां हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ भूपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव सहित कांग्रेस के दिग्गजों ने इस यात्रा का न केवल जोरदार स्वागत किया, बल्कि इस यात्रा में दिल्ली जयपुर हाईवे पर भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वही आज सुबह सवेरे विधायक चिरंजीव राव के नेतृत्व में रेवाड़ी से रवाना हुई इस यात्रा का शहर के प्रमुख चौक चौराहों और विभिन्न मार्गों पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के अलावा भारी संख्या में लोगों ने जोरदार स्वागत किया।