नगर निकाय चुनाव में गठबंधन सरकार को आइना दिखाएगी प्रदेश की जनता- राजपुरोहित

May 26, 2022

नगर निकाय चुनाव में गठबंधन सरकार को आइना दिखाएगी प्रदेश की जनता- राजपुरोहित

कांग्रेस नगर निकाय चुनाव पर्यवेक्षक ने टटोली कार्यकर्ताओं की नब्ज

हिसार, 26 मई  रवि पथ :

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त नगर निकाय चुनाव पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय बाल श्रम बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित ने कहा कि आज प्रदेश में महंगाई व बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। इसके चलते हर वर्ग का गठबंधन सरकार से मोह भंग हो चुका है। नगर निकाय चुनाव में प्रदेश की जनता प्रदेश सरकार को आइना दिखाने का काम करेगी। राजपुरोहित गुरूवार को कांग्रेस भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ व्यक्तिगत व सामुहिक तौर पर प्रत्याशियों को लेकर चर्चा करते हुए उनकी नब्ज टटोली और एकजुटता के साथ चुनाव तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक राजपुरोहित ने कहा कि नगर निकाय चुनाव कांग्रेस पार्टी की एकजुटता को प्रदर्शित करने का एक उचित अवसर है। इस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी हर सीट पर एकतरफा जीत हासिल करते हुए प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों पर मोहर लगाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल कोई पार्टी नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो आजादी के बाद से ही देश प्रदेश की जनता के मन मानस पर छाई हुई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ विभाजनकारी पार्टियां देश को जाति पाति व धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रही है, वहीं कांग्रेस आपसी एकजुटता व भाईचारा पर जोर देती है। उन्होंने कहा कि इन विभाजनकारी ताकतों को सबक सिखाने का समय आ चुका है। इसलिए नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को बहुमत के साथ हाउस में भेजने का काम करें ताकि गठबंधन सरकार की जनविरोधी नीतियों पर सशक्त मंच के माध्यम से विरोध जताया जा सके।
कार्यकर्ताओं की अपेक्षा के अनुरूप होगा प्रत्याशियों का चयन
बैठक में हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन एवं कॉर्डिनेटर एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कार्यकर्ताओं को पर्यवेक्षक शिशुपाल सिंह राजपुरोहित का संक्षिप्त परिचय दिया और विश्वास जताया कि वे कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रत्याशियों का चयन करने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही कांग्रेस की पहचान है और कार्यकर्ताओं के दम पर ही नगर निकाय चुनाव में जीत का परचम लहराया जाएगा। इस मौके पर बजरंग दास गर्ग जिला कन्वीनर, पूर्व सदस्य एचपीसीसी जगन्नाथ, सुभाष गोयल पूर्व मंत्री, अत्तर सिंह सैनी पूर्व मंत्री, अश्वनी शर्मा प्रदेश प्रवक्ता, भूपेंद्र सिंह गंगवा पूर्व प्रत्याशी बरवाला, ओपी पंघाल पूर्व प्रत्याशी हांसी, सतबीर पूनिया, ओमप्रकाश पंघाल, एडवोकेट बीएस रंगा प्रधान बार एसोसिएशन हांसी, दलजीत पंघाल, स्नेहलता निंबल, संतोष जून, शैलेश वर्मा, राजेंद्र बंसल, विक्टर डेविड, नारायण दास, हरिराम सैनी हांसी, श्याम सुंदर सैनी, ओमप्रकाश, निरंजन गोयल, सुरदेव चहल, मनदीप भागना, पवन चढ़ा, अमर गुप्ता, सोनू लंकेश, रोहित रामनिवास राड़ा, जितेंद्र सैनी, नरेश कुमार, हरीश गोयल, प्रमोद सिवाच, वीरेंद्र जलवाल, जीतेश भारद्वाज, परमजीत जाखड़, दीपक बामल, सुशील शर्मा एमसी प्रतिनिधि, राजेंद्र कुमार, सुरेश बाल्मिकी सरपंच, विनोद पुहाल, सुबे सिंह पहलवान व मुकेश गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।