खाप पंचायत ने सुलझाया ढाई साल पुराना विवाद

July 7, 2022

खाप पंचायत ने सुलझाया ढाई साल पुराना विवाद

हिसार/नारनौंद, 07 जुलाई  रवि पथ :

राष्ट्रीय काजला खाप की भाईचारा तालमेल कमेटी ने खाप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कै. रामपाल काजला की अध्यक्षता में दो चचेरे भाईयों के ढाई साल पुराने मुकदमों में आपसी समझौता कराकर जहां खापों की प्रतिष्ठता बढ़ाई है, वहीं लड़ाई झगड़े की संभावित बड़ी वारदात को भी दफना दिया है।
खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजमल काजल ने बताया कि बिजली निगम के सेवानिवृत जेई राजेंद्र काजल व पशुपालन विभाग से सेवानिवृत डॉ. दिनेश काजल का कृषि भूमि के बंटवारे व रास्ते को लेकर पिछले ढाई साल से विभिन्न अदालतों में आपसी मुकदमें चल रहे थे, जिसके कारण दोनों परिवारों व कुनबों में भी आपसी तनातनी के चलते बड़े लड़ाई झगड़े की नौबत आ गई थी। मामले की गंभीरता को भांपते हुए खाप ने स्वंय संज्ञान लेकर नारनौंद में महेंद्र काजल के निवास पर एक पंचायत का आयोजन किया। इसमें खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजमल काजल, राष्ट्रीय संरक्षक धर्मवीर काजला, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मांगेराम कैमरी, राष्ट्रीय सचिव प्रेमसिंह काजला, प्रदेश महासचिव ईश्वर काजला, कार्यकारिणी सदस्य सत्यवान काजला, नरसिंह काजला के अतिरिक्त दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों व ठोलेदार सूरतसिंह काजल और ग्रामीण राजबीर व रामअवतार ने भाग लिया। करीब आठ घंटे चली इस बैठक व मौका निरीक्षण के बाद दोनों पक्षों को रजामंदी से समझौता कराया गया।
खाप अध्यक्ष राजमल काजल ने बताया कि अदालतों में दोनों पक्ष जहां बनावटी व झूठे तथ्य प्रस्तुत करते थे, वहीं खाप पंचायत में सत्य तथ्य प्रस्तत किए, जिसके चलते खाप की भाईचारा तालमेल कमेटी को सही निर्णय पर पहुंचने में सहायता मिली। समझौता होने के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा करवाया और गले मिलकर गिल शिकवे दूर किए तथा सभी ने सामुहिक भोजन किया।