भारी ओलावृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों की तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाए सरकार: अभय सिंह चौटाला

March 3, 2024

भारी ओलावृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों की तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाए सरकार: अभय सिंह चौटाला

मांग – खराब हुई फसल का 50 हजार रूपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा तुरंत दिया जाए ताकि किसान अपनी आगे आने वाली फसल की तैयारी कर सके

चंडीगढ़, 3 मार्च रवि पथ :

इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में हुई बारिश और भारी ओलावृष्टि के कारण सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद और सोनीपत समेत अन्य जिलों में किसानों की खराब हुई फसल पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि किसान पहले से ही भारी आर्थिक तंगी से गुजर रहा है और अब इस प्राकृतिक आपदा की वजह से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और उनकी महीनों की मेहनत पर पूरी तरह से पानी फिर गया है। गेहूं, सरसों, चना, जौ समेत अन्य कई फसलें भारी ओलावृष्टि के कारण तबाह हो गई हैं।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज अन्नदाता की हालत बहुत चिंताजनक है और भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण खाद, बीज, कीड़े मार दवाईयां, डीजल, कृषि उपकरण और खेत मजदूरी महंगी हो जाने से खेती करना पूरी तरह से घाटे का सौदा बन गया है। आज हालात यह हैं कि देश और प्रदेश के ज्यादातर किसान कर्जे में डूबे हुए हैं। प्रदेश के किसानों की आमदनी के मुकाबले उनका खर्च कहीं अधिक है। किसानों की आय घाटे में चल रही है और किसानों के हालात बद से बदतर होती जा रहे हैं।
अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश की भाजपा सरकार से किसानों की भारी ओलावृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों की तुरंत स्पेशल गिरदावरी कराने की मांग करते हुए कहा कि किसानों को उनकी खराब हुई फसल का 50 हजार रूपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा तुरंत दिया जाए ताकि किसान अपनी आगे आने वाली फसल की तैयारी कर सके।

Tags: , , ,