चौ.बंसी लाल को हरियाणा के विकास पुरुष के रूप में जाना जाता है: प्रो.आर.के मित्तल

August 26, 2020

चौ.बंसी लाल को हरियाणा के विकास पुरुष के रूप में जाना जाता है: प्रो.आर.के मित्तल

सीबीएलयू में कुलपति और कुलसचिव सहित सभी कर्मचारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री चौ.बंसी लाल को याद कर दी श्रद्धांजलि

26 अगस्त भिवानी, रवि पथ :

चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में आज पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल को कुलपति प्रो.आर के मित्तल, कुलसचिव डॉ.जितेन्द्र भारद्वाज ने उनके जन्मदिवस पर याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.आर.के मित्तल ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसीलाल के जन्मदिवस पर उन्हें हरियाणा का निर्माता बताया और कहा कि एक साधारण परिवार में जन्में व पले चौधरी बंसीलाल ने शुरू से ही समाज के प्रति अपनी निष्ठा व सेवा भावना का परिचय दिया। चौधरी बंसीलाल ने 36 बिरादरी के लोगों की भलाई के लिए कार्य किया और जातपात व धर्म से ऊपर उठकर सभी के लिए कार्य किया।

उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल आधुनिक हरियाणा के निर्माता थे। अपने कार्यकाल में चौधरी बंसीलाल ने घर-घर में पीने का पानी, बिजली पहुंचाने का कार्य किया था। उन्होंने समूचे हरियाणा में एक साथ और एक जैसा विकास कार्य करवाया था। चौधरी बंसीलाल द्वारा सिंचाई के क्षेत्र में किए गए कार्य कभी भी नहीं भुलाए जा सकते। इस विश्वविद्यालय का नामांकरण भी उनके नाम पर है तो विश्वविद्यालय को उनके सिद्धांतो के साथ अनुसंधान एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जायेगा। उन्होंने उनके जन्मदिवस पर चौधरी बंसी लाल के नाम पर उनके योगदान के लिए एक रिसर्च प्रोजैक्ट शुरू करने की घोषणा की।


कुलसचिव डॉ.जितेन्द्र भारद्वाज ने संबोधित करते हुए कहा कि चौ.बंसी लाल युग पुरूष थे। उन्होंने सच्चाई, ईमानदारी के साथ पुरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवाये। उन्होंने शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य एवं सुधार किए। उन्होंने प्रदेश में नहरों का जाल बिछाकर टेल तक पानी पंहुचाने का काम किया। उनकी कथनी और करनी एक एवं निस्पक्ष थी। विश्वविद्यालय उनके आदर्शों पर चलते हुए गुणवत्तापूर्ण, संस्कारी शिक्षा प्रदान करने को कृत संकल्पित है।विभागाध्यक्ष डॉ.सतबीर सिंह ने चौधरी बंसी लाल के जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डीन प्रो.राधेश्याम,प्रो.संजीव कुमार,डॉ.सुरेश मलिक, डॉ.रविप्रकाश, श्रीमति रेखा जांगड़ा सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की।