भाजपाई चला रहे हैं झूठ की फैक्टरी: किरण

April 30, 2019

भाजपाई चला रहे हैं झूठ की फैक्टरी: किरण
–जनता नहीं आएगी काबू भाजपा के झूठे जुमलों में

रवि पथ ब्यूरो भिवानी, 30 अप्रैल

कांग्रेस विधायक की नेता किरण चौधरी ने कहा कि झूठ की फैक्टरी चलाने वाले भाजपाईयों को अब की बार प्रदेश की जनता सबक सिखाऐगी और हरियाणा की सभी दस सीटों पर कांग्रेस विजयी रहेगी।
कांग्रेस प्रत्याशी श्रुति चौधरी के समर्थन में स्थानीय जवाहर चौक में सभा में बोलते हुए किरण चौधरी ने कहा कि नांगल चौधरी से लेकर भिवानी तक श्रुति के पक्ष में माहौल है और बौखलाए हुए भाजपाईयों से लोग पांच वर्षों का हिसाब मांग रहे हैं। भाजपाईयों के पास कहने व दिखाने को कुछ नहीं है इसलिए वे अब झूठे राष्ट्रवाद का सहारा लेकर व मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। जब तक क्षेत्र का प्रतिनिधि काम करने वाला नहीं होगा तब तक क्षेत्र में विकास होने का सवाल ही नहीं है।
उन्होंने भाजपा को फर्जी पार्टी बताते हुए कहा कि इसका राष्ट्रवाद ही फर्जी है। कोई भी सैनिक किसी व्यक्ति विशेष के लिए शहादत नहीं देता। बल्कि पूरे देश के लिए शहादत देता है। अधिकांश सैनिक साधारण परिवारों से सेना में भर्ती होते हैं जो देश के लिए अपनी जान न्यौछावर करते हैं लेकिन भाजपा नेताओं का यह कहना कि यह मोदी की सेना है तो पूरी तरह से सैनिकों का अपमान है। उन्होंने कहा कि इंदिरागांधी ने प्रधानमंत्री रहते पाकिस्तान के 93 हजार सैनिक बंधक बनाए और पाक के दो टुकडे कर दिए थे ,लेकिन कांग्रेस ने कभी सैनिकों के नाम पर राजनीति नहीं की और न ही नरेंद्र मोदी की तरह सैनिकों के नाम पर कभी वोट मांगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने छोटे दुकानदारों को तबाह करने का काम किया है। पहले नोटबंदी और बाद में जीएसटी लागू करके व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। प्रदेश के किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और युवाओं ने भाजपा राज मेकं बहुत आफत झेली है। भाजपा ने अपना 2014 में जारी किए गए संकल्प पत्र को सत्ता में आते ही कूडेदान में फैं क दिया और आज वे इन सभी मुददों को छोडक़र झूठ का प्रचार कर रहे हैं।
भाजपाईयों ने पांच वर्ष के शासनकाल में भिवानी-महेंद्रगढ़ के एक भी व्यक्ति को आवास नहीं दिया जबकि कांग्रेस ने अपने पिछले कार्यकाल में न केवल हजारों लोगों को मकान दिए बल्कि बीपीएल धारकों को मुफ्त प्लाट भी दिए। कांग्रेस के राज आने के बाद पांच करोड गरीब परिवारों को 72 हजार रूपए सालाना देकर 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला जाऐगा। इस अवसर पर भिवानी नगरपरिषद के उपाध्यक्ष मामनचंद, प्रहलादराय सोनी, विनोद सोनी, अशोक बुवानीवाला, राम प्रताप शर्मा सहित कई अन्य नेता भी उनके साथ थे.