आदमपुर उपचुनाव को लेकर 7 अक्टूबर को होगी कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक

October 5, 2022

आदमपुर उपचुनाव को लेकर 7 अक्टूबर को होगी कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक

5 अक्तूबर, चंडीगढ़ रवि पथ :

आदमपुर उपचुनाव में अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हरियाणा कांग्रेस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में 7 अक्टूबर को सुबह 11 बजे चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष  उदयभान ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में उनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सभी कार्यकारी अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, पीसीसी डेलीगेट, फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशंस के अध्यक्ष, सभी प्रकोष्ठ प्रमुख व पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। बैठक में आदमपुर उपचुनाव को लेकर सभी की जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी।

 उदयभान ने बताया कि आदमपुर में उपचुनाव की आहट के बाद से ही लगातार स्थानीय नेताओं और आम जनता का रुझान कांग्रेस की तरफ देखने को मिल रहा है। अन्य दलों के कई बड़े नेताओं ने अपने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस का दामन थामा। इस से स्पष्ट है कि यहां कांग्रेस बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही है। बैठक में सभी नेता व कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।