विधानसभा हिसार एक नजर-ताजा खबर

August 31, 2023

हिसार

रक्षा का सूत्र बांधने निकलीं बहनें दिखीं बेबस

हिसार में रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बसों में मुफ्त सफर बहनों के लिए मुश्किलों भरा रहा। बसों के लिए बहनें बेबस नजर आईं। लोकल रूटों पर बसों की आवाजाही कम रही है, जिस कारण महिलाओं को डेढ़ से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। ऐसे में जब बस आई तो उनमें पांव रखने तक की जगह नहीं मिली। सीट के लिए भी मारामारी रही। बस स्टैंड पर सुबह से देर शाम तक भीड़ रही।बुधवार सुबह से लेकर शाम तक बसों के लिए मारामारी का माहौल रहा। हालांकि रोडवेज की तरफ से बसों की व्यवस्था की हुई थी। निजी बसें भी समय पर काउंटर पर लग रही थी लेकिन लोकल रूट पर चलने वाली बसें काफी देर से आ रही थी। ऐसे में यात्रियों को काफी समय तक बसों का इंतजार करना पड़ रहा था। मंगलवार दोपहर 12 बजे से लेकर बुधवार रात 12 बजे तक रोडवेज और सहकारी समितियों की बस में महिलाओं और 15 साल तक के बच्चों के लिए निशुल्क सेवा है।बस स्टैंड पर बैठी जाखोद खेड़ा गांव की रहने वाली महिला ने तारा देवी और गुलाबों ने बताया कि वह सुबह भाई को राखी बांधने के लिए शहर आई थी। भाई की कलाई पर राखी बांधने के बाद गांव जाने के लिए 11 बजे बस स्टैंड पर पहुंच गई थी। अब एक बज गया लेकिन अभी तक गांव को जाने वाली बस नहीं आई। सरकार ने बस में महिलाओं के लिए सेवा निशुल्क तो कर दी, लेकिन बसों की व्यवस्था नहीं की।
किरमारा गांव जाने वाली भतेरी ने बताया कि रक्षाबंधन पर सरकार द्वारा महिलाओं के लिए बसों में निशुल्क सेवा सराहनीय काम है। लेकिन, बसों की कमी के कारण बस में चढ़ते समय धक्का-मुक्की होती है। इस बार सीट भी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि आधे घंटे से अधिक का समय गुजर गया, लेकिन गांव को जाने वाली बस अभी तक नहीं आई।

 

हिसार

नगर निगम ने सफाई कर्मियों को वर्दी व जूते के लिए 1500 रुपये देने की भरी हामी

नगर निगम प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों को वर्दी व जूते के लिए 1500 रुपये की राशि देने की मांग मंजूर कर ली है। निगम के इस फैसले पर सफाई कर्मचारियों ने सुबह सफाई करने का फैसला किया है। मगर कर्मचारियों ने अल्टीमेटम दिया है कि वीरवार दोपहर तक यह राशि कर्मचारियों के खातों में नहीं आई तो वह आधे दिन काम नहीं करेंगे। उधर बुधवार को रक्षाबंधन पर्व पर अवकाश के कारण शहर से कचरे का उठान नहीं हुआ।बता दें कि नगर निगम में करीब 675 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से 125 कर्मचारी स्थायी और 550 कर्मचारी पेरोल पर हैं। नगर पालिका कर्मचारी संघ की मानें तो सफाई कर्मचारियों को साल में दो बार वर्दी व जूते मिलते हैं। स्थायी कर्मचारियों को वर्दी व जूते की राशि वेतन में जुड़कर ही मिलती है, जबकि पेरोल कर्मचारियों को यह अलग से उपलब्ध करवाई जाती है। मगर निगम प्रशासन ने एक साल से पेरोल कर्मचारियों को जूते व वर्दी उपलब्ध नहीं करवाई है। उनकी मांग थी कि सफाई कर्मचारियों को एक सीजन के वर्दी व जूते के लिए 1500 रुपये दिए जाए।

 

हिसार

पहलवान रौनक ने काटी नस: बोलीं- मुझे कानून पर पूरा भरोसा, भविष्य बर्बाद करने के लिए झूठे आरोप में फंसाया जा रहा

पहलवान रौनक बोलीं कि उस समय रूस में अभ्यास कर रही थीं दो मार्च को मिलने की बात कही जा रही है। निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बोलीं कि मेरे खाते में कोई ट्रांजेक्शन नहीं हुई।हरियाणा के हिसार के सेक्टर 16- 17 के एक फ्लैट में रहने वाली अंतरराष्ट्रीय पहलवान रौनक गुलिया ने कहा कि मेरा भविष्य बर्बाद करने के लिए झूठे आरोप में मुझे फंसाया जा रहा है। दो मार्च को जब रुपये लेने की बात कहीं जा रही है उस समय रूस में अभ्यास कर रही थीं। मुझे कानून पर पूरा भरोसा है। कानूनी लड़ाई लड़ूंगीं और जो एजेंसी जांच करेगी उसमें सहयोग करूंगी। सेहत ठीक होने के बाद ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए अभ्यास करूंगी।

हिसार

जेलों में भाइयों की कलाई पर बहनों ने बांधी राखी, प्रशासन ने शेड, ठंडे पानी और मिठाइयों के प्रबंध किए

हिसार जेल अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन पर बहनों को ड्योढी तक आने की अनुमति दी गई थी। त्योहार के दिन बंदियों को रात के समय खाने में खीर दी जाएगी। सेंट्रल जेल 1 में करीब 2200 से अधिक कैदी हैं। केंद्रीय कारागार दो में भी बहनों के लिए विशेष प्रबंध किए गए है।हिसार के केंद्रीय कारागार एक और दो में रक्षाबंधन के पर्व पर बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए पहुंची। सुबह 9 बजे से ही पहले ही काफी संख्या में बहनें जेल के बाहर पहुंच गई थी। जेल प्रबंधन की ओर से राखी और मिठाइयाें का प्रबंध किया गया। बहनों के बैठने के लिए तीन शेड लगाए गए। पीने के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए भी प्रबंध किए है।

 

हिसार

1.24 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच में से 5.67 % मिले रोगी।
निरोगी हरियाणा योजना : 2325 में खून की कमी

जिले के लोगों में लौह तत्व की कमी होने लगी है। यह खुलासा निरोगी हरियाणा के तहत एक लाख 24 हजार 961 लोगों की जांच में हुआ है। इनमें 5.67 फीसद यानी 7096 लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त मिले हैं। इनमें सर्वाधिक खूनी की कमी (एनीमिया) वाले 2325 रोगियों की पहचान हुई है। इन्हें आयरन टेबलेट के साथ लौह तत्व से भरपूर आहार का सेवन करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा 71 कुपोषित व कम वजनी 5 बच्चे भी मिले हैं।डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि योजना के तहत मुफ्त जांच एवं इलाज की सुविधा है जिनकी आय 1.80 लाख से कम है। इनके लिए नागरिक अस्पताल में अलग से स्वास्थ्य जांच एवं सैंपलिंग की व्यवस्था की गई है। 29 नवंबर 2022 से 29 अगस्त 2023 तक 7096 रोगियों की पहचान हुई है जो विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त मिले हैं। इनमें से 75 रोगी की हालत गंभीर देखकर हायर रेफरल सेंटर पर इलाज के लिए भेजा है। इस योजना के लाभार्थियों से अपील है कि अपनी स्वास्थ्य जांच जरूर करवाएं। एक लाख से अधिक लाभार्थियों की जांच करने में हिसार, अम्बाला, गुरुग्राम, करनाल, भिवानी, कुरूक्षेत्र, झज्जर, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, नारनौल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, कैथल व यमुनानगर शामिल हैं।

Tags: , , ,