किसान हित में सरकार ने ऐतिहासिक योजनाओं को लागू किया-डिप्टी स्पीकर

January 9, 2021

किसान हित में सरकार ने ऐतिहासिक योजनाओं को लागू किया-डिप्टी स्पीकर

नवीनतम कृषि पद्धतियां खेती के लिए लाभकारी सहकारी संस्था इफको द्वारा सामाजिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आर्यनगर में समारोह आयोजित।

हरियाणा को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के रजिस्ट्रार आर एस वर्मा ने की शिरकत।

हिसार, 9 जनवरी रवि पथ :

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने किसान हित में अनेक ऐतिहासिक योजनाओं को लागू किया है। इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के आर्थिक हालात को मजबूत बनाने की दिशा में और भी कई योजनाएं शुरू करने जा रही है ताकि नवीनतम कृषि पद्धतियों, तकनीकों तथा बेहतर वित्तीय प्रबंधन से कृषि उत्पादन बढ़ाकर खेती को लाभकारी बनाना है।
वे शनिवार को सहकारी संस्था इंडियन फारमर्स फर्टिलाइजर को-ऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) के सामाजिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत गांव आर्यनगर में नि:शुल्क कंबल वितरण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता हरियाणा कोऑपरेटिव सोसाइटीज के रजिस्ट्रार आर एस वर्मा (आईएएस) ने की। समारोह में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस दौरान इफको द्वारा किसानों के कल्याण और विकास के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में डिप्टी स्पीकर ने कहा कि जल व पर्यावरण संरक्षण, भूमि सुधार, आधारभूत सरंचनाओं का विकास तथा खेती में नई तकनीकों का समावेश वर्तमान समय में कृषि की सबसे बड़ी जरूरत है, जिन्हें पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। सरकार ने किसानों के आर्थिक हालात को मजबूत बनाने के लिए तथा कृषि के जोखिम को कम करने की दिशा में फसल बीमा, न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि तथा किसान सम्मान निधि जैसी ऐतिहासिक योजनाओं को लागू किया है।


समारोह को संबोधित करते हुए हरियाणा को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के रजिस्ट्रार आर एस वर्मा ने कहा कि किसानों को नई तकनीकें उपलब्ध करवाने की दिशा में इफको का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि जमीन का सही मूल्यांकन कर खाद्य-दवाइयों का इस्तेमाल तथा आधुनिक सिंचाई की तकनीकें अपनाकर किसान अधिक लाभ कमा सकते हैं। अंधाधुंध उर्वरक का प्रयोग जमीन के लिए बेहद नुकसानदायक हैं। उन्होंने कहा कि जल विलय उर्वरक यूरिया का बेहतर विकल्प है। पोषक तत्वों वाले जल विलय उर्वरक में डीएपी, यूरिया, जिंक सल्फेट व सल्फर, पोटाश समेत अन्य तत्व होते हैं, जो पानी में घोल मिलाकर किसान अपने खेतों में प्रयोग कर सकते हैं।
अपने संबोधन में इफको के राज्य विपणन प्रबंधक पुष्पेंद्र तथा उप महाप्रबंधक ओंकार सिंह ने बताया कि इफको द्वारा विकसित नैनो नाइट्रोजन से कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन होंगे। यह नैनो नाइट्रोजन यूरिया का विकल्प है। यह यूरिया के मुकाबले सस्ता और अधिक उपजाऊ है। इससे यूरिया संकट दूर होगा, साथ ही यह किसानों के तरक्की में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इफको के सामाजिक कल्याण कार्यक्रम के तहत एक लाख कंबल वितरित किए जाएंगे। इसी के तहत आज आर्यनगर में भी जरूरतमंदों को कंबल वितिरित किए गए हैं।
इस अवसर पर हरियाणा पिछड़ा वर्ग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, अशोक मित्तल, मंडल अध्यक्ष अन्वेष यादव, बलजीत फौगाट, आर्यनगर के सरपंच जगदीश कुमार, कृषि उपनिदेशक वीके फोगाट, डिप्टी रजिस्ट्रार यशपाल दहिया, असिस्टेंट रजिस्ट्रार संजीव शर्मा, फील्ड मैनेजर धर्मवीर यादव, केवीके से अवतार सिंह सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।