इनेलो संगठन को मजबूत बनाने में योगदान दे प्रत्येक कार्यकर्ता: अभय चौटाला

March 9, 2022

इनेलो संगठन को मजबूत बनाने में योगदान दे प्रत्येक कार्यकर्ता: अभय चौटाला

गठबंधन सरकार पर कसे तंज

सत्ता से बेदखल करने को आतुर प्रदेशवासी

सिरसा, 9 मार्च रवि पथ  :

इनेलो के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान गठबंधन सरकार की गलत नीतियों से हर वर्ग परेशान है और इससे जल्द से जल्द छुटकारा चाहता है। इस जनविरोधी सरकार को चलता करने के लिए आवश्यक है कि इनेलो का एक-एक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और ताकत से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए और पार्टी को सत्तासीन करे।

इनेलो नेता यहां कालांवाली हलके के गांव रोड़ी में हलका स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से दिन-रात एक करें और अधिकाधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि जब रोड़ी विधानसभा क्षेत्र के रूप में था तो इसी क्षेत्र के लोगों के प्यार और आशीर्वाद ने उन्हें पूरे रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाकर हरियाणा विधानसभा भेजा था। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इनेलो शासन के दौरान विकासात्मक ढांचे की बुनियाद को मजबूती दी गई थी और युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा, हर श्रमिक व किसानों के हितों के लिए नीतियां बनाकर उन्हें अमलीजामा पहनाया गया था। हरियाणा में पुन: उसी शासन का आगाज करने के लिए यह जरूरी है कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य करे।
इस दौरान विभिन्न गांवों से आए हुए करीब सैकड़ों परिवारों के सदस्यों ने इनेलो का दामन थामा जिन्हें इनेलो नेता ने उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिलाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, इनेलो महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट, पूर्व विधायक डॉ. सीताराम, इनेलो की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जसवीर सिंह जस्सा, युवा इनेलो के जिलाध्यक्ष धर्मवीर नैन, विनोद दड़बी, कालांवाली हलकाध्यक्ष जसविंद्र बिंदु, जिला उपाध्यक्ष बलदेव दास महंत, भगवान कोटली सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे