जनता के दर्द की परवाह, इसलिए यात्रा पर हूं’

April 4, 2023

जनता के दर्द की परवाह, इसलिए यात्रा पर हूं’

परिवर्तन यात्रा के दौरान विशेष बातचीत में बोले चौधरी अभय सिंह चौटाला

कहा, चौधरी देवीलाल अकेेले ही नेता थे, नेता ज्यादा हो जाएंगे तो रोला पड़ जाएगा

रवि पथ न्यूज़ :

इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद से विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला इन दिनों परिवर्तन यात्रा निकाल रहे हैं। हर रोज औसतन 20 किलोमीटर पैदल चलते हुए जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार की नाकामियां गिनाने के साथ इनेलो का प्रदेश को लेकर रोडमैप भी बता रहे हैं। इस यात्रा को लेकर प्रदेश के लोगों के मन में कई तरह के सवाल आ रहे हैं, ऐसे ही कुछ सवालों का जवाब वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक अजय दीप लाठर ने चौधरी अभय सिंह चौटाला से जानने का प्रयास किया। पेश हैं बातचीत के कुछ अंश :

प्रश्न : परिवर्तन यात्रा और वह भी पैदल, इसकी जरूरत क्यों पड़ी?

उत्तर : पहले पांच साल बीजेपी और अब साढ़े तीन साल बीजेपी-जेजेपी की सरकार को हो चुके, लोगों ने इस सरकार को नकार दिया है। कुछ लोगों ने स्वार्थ के लिए जनता से धोखा किया। सरकार बनाने के बाद इन्होंने आपस में जो कमिटी बनाई, जो वादे किए थे, और कहा था कि आम आदमी की भागीदारी होगी, उन्हें धोखा दिया। गठबंधन सरकार बनने के बाद कोरोना काल, किसान आंदोलन या उसके बाद का दौर, ऐसे निर्णय लिए, जिनकी आम आदमी पर मार पड़ी। बजट का, पैसे का मिसयूज किया। कोरोना काल व किसान आंदोलन के दौरान का बजट कहीं खर्च नहीं किया, सिर्फ कागजों में खर्च दिखाया गया। कोई डिपार्टमेंट ऐसा नहीं बचा, जिसमें भ्रष्टाचार न बढ़ा हो। हर वर्ग के लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर आ गए। व्यापारी, कर्मचारी, किसान, सभी के साथ धोखा किया। बजट के खर्च को लेकर मुख्यमंत्री ने भी झूठ बोला। एक उदाहरण देता हूं मुख्यमंत्री ने पिछले दिनाें कहा कि मैंने 1300 करोड़ रुपये पंचायती राज को दे दिए हैं, दो दिन बाद जिला परिषदों के चेयरमैन की मीटिंग ली तो इसमें कहा कि 1100 करोड़ रुपये पंचायतों को दिए हैं। दो दिन में 200 करोड़ का अंतर कैसे हो गया, अगर कोई सच में काम करता है तो उसको याद रहता है कि उसने क्या किया। यह 1100 करोड़ रुपये देने की बात भी झूठ थी। किसी भी सरपंच से पूछ लो, क्या उन्हें एक भी रुपया मिला है। हिसार में महाराजा अग्रसैन इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाना भी झूठ है, आज तक वह डोमेस्टिक एयरपोर्ट भी नहीं है। इंडियन एयरलाइंस के लोग यहां बैठेंगे या फिर अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा संचालित कर रही कंपनियां यहां आएंगी, तब यह इंटरनेशनल बनेगा। इस बारे तमाम विज्ञापन भी झूठे ही दिए गए हैं। प्रदेश सरकार ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि अब लोगों के बीच नहीं जाएंगे तो फिर लोग कल को हमें इस बात के लिए गालियां देंगे और कोसेंगे, की आप किस बात के लिए विपक्ष हो। आपकी जिम्मेदारी नहीं बनती थी कि हम तक यह सारी बातें पहुंचाएं। इसलिए हमने फैसला किया कि अब जनता के बीच जाकर बताएं कि कैसे ये प्रदेश को बेच रहे हैं, किस तरह की इनकी निगाहें प्रदेश के खजाने पर हैं। इस बजट में भी मुख्यमंत्री ने बड़ी-बड़ी बातें की। सड़क, अस्पताल, मैडिकल का जिक्र किया। सुशासन, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य को अपना नारा बताया, लेकिन धरातल पर कहीं कुछ नहीं है। कहीं स्टाफ नहीं है। ग्रामीण इलाकों में सड़कें नहीं गड्ढे हैं। यात्रा को नाम परिवर्तन इसलिए दिया कि लोग परिवर्तन चाहते हैं। हमने बहुत लोगों से नामकरण के बारे में पूछा, तो 90 प्रतिशत से अधिक ने परिवर्तन यात्रा नाम सुझाया।

प्रश्न : क्या सड़कों पर पैदल चलने के लिए यह समय सही है? लगातार गर्मी बढ़ेगी, सड़कें भी तपेंगी, तपिश बढ़ेगी तो दिक्कतें भी बढ़ेंगी, कैसे चल पाएंगे?

उत्तर : मैं किसान के घर में पैदा हुआ हूं, मैंने खेती करवाई है। मुझे पता है कब कैसा मौसम आता है। मैंने पौ-माह के महीने में खेत में रात को खड़े होकर पानी लगवाया है। ऐन तपती गर्मी में मई-जून के महीने में भी दिन के समय टाइम निकाल कर खेत में पानी लगवाया है। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। कोरोना काल में मैंने खुद कंबाइन से अपने खेत का गेहूं निकाला। मैंने अपने सोरे बाग की बुआई की। अगली फसल भी अपने हाथ से बोई। समय होता है तो आज भी मैं खेत में जाता हूं।

प्रश्न : पीठ दर्द की समस्या से आप लंबे समय से घिरे हुए हैं, फिर भी 37 दिन यात्रा के पूरे हो चुके हैं। कैसा महसूस कर रहे हैं?

उत्तर : मुझे पीठ में दर्द है, मेरा दर्द तो देर-सवेर ठीक हो जाएगा। लेकिन, जनता को जो आज दर्द है, वह कैसे ठीक होगा। मुझे अपने नहीं, जनता के दर्ज की ज्यादा परवाह है। इसलिए उनका दर्द ठीक करना चाहता हूं। इसलिए मैं यात्रा पर निकला हूं।

प्रश्न : नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुड़गांव, रेवाड़ी जिले को कवर करते हुए छठे जिले महेंद्रगढ़ जिले में पहुंच चुके हैं, लोगों का कैसा रेस्पॉन्स मिल रहा है?

उत्तर : बहुत बढ़िया। सब जगह बड़ी संख्या में लोग आते हैं। गांव के गांव निकल कर आते हैं। बुजुर्ग, महिलाएं, नौजवान, बच्चे सब आते हैं। मैं खुद नहीं सोचता था कि लोगों में इतना बड़ा बदलाव आ सकता है। लोग इतने भी दुखी हो सकते हैं इस सरकार से। एक गांव में हजार आदमी की एवरेज से लोग मिल रहे हैं। कई लाख लोग मिल चुके हैं। वे यही कहते हैं कि इनसे हमारा पीछा छुड़वाओ।

प्रश्न : 20, 25, 30, 35 सीटों से 46 तक पहुंचने का सफर थोड़ा आसान होता है, लेकिन 1 से 46 तक का सफर कैसे तय कर पाएंगे?

उत्तर : बीजेपी की 1984 में लोकसभा में सिर्फ 2 सीट थी और अब 9 सवाल से सत्ता में हैं। मुझे बड़ी हैरानी होती है, कई दफा भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अजय सिंह और बीजेपी वाले कहते हैं कि अकेला है तू। चौधरी देवीलाल भी तो अकले ही थे। नेता तो एक ही होता है। नेता ज्यादा हो जाएंगे तो रोला पड़ जाएगा, अक नहीं। ये म्हारे पैदा हो गए थे, रोला पड़ा अक नहीं।

प्रश्न : कुछ लोग चर्चा करते हैं कि इनेलो का कांग्रेस से चुनाव पूर्व गठबंधन हो जाएगा। इस तरह की कुछ रिपोर्ट भी आ रही हैं? इस बात में कितना दम है?

उत्तर : कांग्रेस वाले कहते हैं कि रीजनल पार्टियों को खत्म किया जाए। दूसरी तरफ ये सत्ता में आने का सपना देखते हैं। कांग्रेस के लोग पहले ये बताएं कि 10 साल सत्ता में कैसे रहे। यूपीए बनाया या नहीं? रीजनल पार्टियों की वजह से रहे। कांग्रेस अपनी ताकत को खो चुकी है। अब फिर सपना ले रहे हैं देश में सत्ता में आने का। देश में सत्ता में कांग्रेस तब आएगी, जब रीजनल पार्टियों से ये बातचीत करेंगे। बात इनको ही करनी पड़ेगी। कोई रीजनल पार्टी का नेता इनके पास चलकर नहीं जाएगा। कांग्रेस अगर यह चाहती है कि इनकी सत्ता में वापसी हो तो आगे आकर बात करें। अन्यथा, तीसरे मोर्चे का गठन होगा। तीसरा मोर्चा बन गया तो सरकार फिर तीसरे मोर्चे की बनेगी और इनका सत्ता वापसी का सपना ही रह जाएगा।

प्रश्न : जनता ने इनेलो को साल 2000 के चुनाव में सत्ता सौंपी थी, 2024 में 24 साल हो जाएंगे। 24 साल बाद इनेलो का सत्ता मिलना कितना संभव लग रहा है?

उत्तर : हमारी सरकार तो 2009 में भी बन गई थी। सरकार नहीं बनने का कारण भी अजय सिंह है। उस वक्त भी अजय सिंह ने हमारे अपने कुछ उम्मीदवार स्वार्थ के लिए हराए। कांग्रेस और बीजेपी की मदद की। 2019 में फिर हमारा राज बन गया था। बच्चे-बच्चे की जुबान पर था, कि राज बन रहा है। उस राज का भी नुकसान करने वाला अजय सिंह ही है। अब लोगों को पता लग गया, लोगों की नीयत हमेशा चौधरी देवीलाल के ऊपर भरोसे की रही है। लेकिन, उस भरोेसे को खराब करने वाले ये लोग रहे हैं। अब ये साफ हो जाएंगे, और आईएनएलडी जीतेगी और सरकार बनाएगी।