निगमायुक्त ने तीन दिवसीय गीता जयंती समारोह की प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
विभिन्न विभागों व संस्थाओं की प्रदर्शनी में आमजन ने दिखाई रुचि
हिसार, 12 दिसंबर रवि पथ :
नगर निगम के आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने हरियाणा की पावन धरा से पूरे विश्व को अमूल्य गीता ज्ञान दिया जो हजारों वर्षों से मानव समुदाय को नई राह दिखा रहा है। गीता हमें जीवन जीना सिखाती है और जीवन की समस्त समस्याओं का समाधान गीता ग्रंथ में मिलता है। निगमायुक्त ने रविवार को स्थानीय राजकीय स्नातकोतर महाविद्यालय में तीन दिवसीय गीता जयंती समारोह की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के पश्चात उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
महाविद्यालय परिसर में पहुंचने पर निगमायुक्त का अतिरिक्त उपायुक्त एवं गीता जयंती महोत्सव के नोडल अधिकारी स्वप्निल रविंद्र पाटिल व नगराधीश विजया मलिक ने स्वागत किया। निगमायुक्त ने विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी के अवलोकन में विशेष रूचि दिखाई और कहा कि इससे आम नागरिकों को विभागों एवं संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यों की ज्ञानवर्धक जानकारी प्राप्त होगी।
समारोह को संबोधित करते हुए निगमायुक्त ने कहा कि गीता एक ऐसा ग्रंथ है जो मानव को जीवन जीना सिखाता है। यह व्यक्ति को पुरुषार्थ की ओर अग्रसर करता है तथा थके हुए व्यक्ति को साहस प्रदान करता है। पूरा विश्व आज गीता के महत्व को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि गीता किसी धर्म या संप्रदाय से नहीं अपितु समस्त मानव समुदाय से संबंधित है और हमें कर्म का संदेश देती है। गीता ग्रंथ के माध्यम से हमें पता चलता है कि मानव को कर्म पर ध्यान देना चाहिए और फल की चिंता नहीं करनी चाहिए। वर्तमान प्रदेश सरकार ने गीता जयंती महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्टï्रीय गीता जयंती महोत्सव के साथ-साथ जिला मुख्यालयों पर भी गीता जयंती समारोह भव्य तरीके से आयोजित किए जा रहे हैं। गीता के ज्ञान के साथ यहां लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागों की योजनाओं की भी जानकारी मिल रही है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं ने लगाई प्रदर्शनी
गीता जयंती महोत्सव मेंं विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई हैं। इनमें जियो गीता, आर्ट ऑफ लिविंग, गीता प्रेस, पतंजलि/भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, योगानंद सत्संग, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, मिशन ग्रीन फाउंडेशन, खादी ग्राम उद्योग, जिला बाल कल्याण परिषद, ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जिला रैडक्रॉस सोसायटी, अक्षय ऊर्जा विभाग, सन्नी हर्बल मेहंदी, कृष्ण गौशाला एवं अनुसंधान केंद्र, जिला निर्वाचन कार्यालय, एनआईसी सरल, एनआरएलएम, पंजाब नेशनल बैंक, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार, पशुपालन विभाग, बागवानी एवं कृषि विभाग, जिला उद्योग विभाग, वीटा, महिला एवं बाल विकास, हैफेड, कोविड वैक्सीनेशन तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उत्पादों की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी लगाई गई हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं गीता जयंती महोत्सव के नोडल अधिकारी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, नगराधीश विजया मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी धनपत, राजकीय पीजी कॉलेज की प्राचार्य कुसुम सैनी, चुनाव तहसीलदार सतबीर सिंह,प्रोफेसर पवित्र मोहन, सीएमओ डॉ रत्ना भारती, सुरेंद्र बाजिया, पंकज गिल, शशी यादव, राजवीर सिवाच, अशोक श्योराण, विवेक भारती, शिव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।