मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा देश : कैप्टन अभिमन्यु

October 4, 2022

मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा देश : कैप्टन अभिमन्यु

पूर्व वित्त मंत्री ने किया मोदी के नेतृत्व में विकास योजनाओं का स्वागत

कैप्टन अभिमन्यु ने दी जनता को दशहरा की बधाई, की खुशहाली की कामना

हिसार रवि पथ :

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। देश की सीमाएं मजबूत हुई है वहीं अर्थव्यवस्था को मजबूत करके प्रधानमंत्री ने देश का नई दिशा दी है। कैप्टन अभिमन्यु ने प्रदेश की जनता को दशहरा की बधाई दी और कामना की कि यह त्यौहार जनता के जीवन में खुशियां लाएं।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तरक्की के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री देश के विकास के लिए सदैव कृतसंकल्पित रहते हैं और उन्होंने देश में में जितना काम किया है, उतना आज तक किसी ने भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता में देशभक्ति की भावना जागृत हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को छोड़ कर लगभग सभी राजनीतिक पार्टियां परिवारवादी पार्टियां बन गई है। उन्हें न तो देश की चिंता है और न प्रदेश की। भाजपा के लिए राष्ट्र ही सर्वोपरि है और यह पार्टी राष्ट्र की रक्षा से कोई समझौता नहीं करती। उन्होंने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हमें दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय जन-नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काम करने का अवसर मिला है। हम इसलिए भी सौभाग्यशाली हैं कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं जो दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी है और जो हमेशा ही जन-सेवा और जन-कल्याण के लिए समर्पित रहती है। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने अपनी स्थापना से लेकर आज तक अपनी विचारधारा से कभी भी कोई समझौता नहीं किया। विचारधारा की लड़ाई और देश की अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए हमारे कई मनीषी नेताओं ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
कैप्टनन अभिमन्यु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व सरकार ने धारा 370 का उन्मूलन हो, भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो, ट्रिपल तलाक का खात्मा हो, स्वच्छ भारत अभियान हो, गरीब कल्याण योजना हो या पार्टी द्वारा अपनी स्थापना से अब तक किये गए जन-आंदोलन-हमारा हर कदम देश के लिए ही समर्पित रहा है। भाजपा विचारों से जुड़ी हुई पार्टी है। दूसरी पार्टियां सत्ता के लिए रंग बदलते देर नहीं लगाती, कुर्सी के लिए किसी भी हद तक चली जाती है लेकिन हमने कभी भी विचारधारा के साथ समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने मानवता को केंद्र में रख कर और गरीब से गरीब व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने के लिए एकात्म मानववाद और अंत्योदय की परिकल्पना की थी। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन विचारों को लेकर सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र को साकार करने का महती कार्य किया है। भाजपा गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, शोषित, दलित, महिला, युवा, किसान सबके लिए काम करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि आज देश में सबसे अधिक राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों का ही परिणाम है।
सरकार की विकास नीतियों का खुलासा करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वर्ष 2014 तक देश में केवल सात एम्स थे, इसमें से भी छह एम्स तो श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने बनवाये थे। आज देश में एम्स की संख्या बढ़ कर 22 हो गई है। फर्क साफ़ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने आठ वर्षों में 15 नए एम्स बनाने की शुरुआत की। आजादी के बाद से लेकर लगभग 55 वर्षों तक कांग्रेस सत्ता में रही लेकिन वह अपने पूरे कार्यकाल में केवल एक ही एम्स बना पाई।