सौहार्द व आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाते हैं हमारे तीज त्यौहार : श्रीमति संतोष काम्बोज

August 12, 2021

सौहार्द व आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाते हैं हमारे तीज त्यौहार : श्रीमति संतोष काम्बोज

एचएयू में धूमधाम से मनाया गया तीज महोत्सव

हिसार  12 अगस्त  रवि पथ :

सभी तीज त्यौहार सौहार्द व भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। इनके मनाने के पीछे यही मकसद होता है कि हमारे बीच आपसी प्रेमभाव बना रहे और हमारी परंपराएं आगे बढ़ती रहें। ये विचार चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की प्रथम महिला एवं कुलपति प्रोफेसर बी.आर. काम्बोज की धर्मपत्नी श्रीमति संतोष काम्बोज ने कहे। वे विश्वविद्यालय के वनस्पति उद्यान में आयोजित तीज महोत्सव में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रही थी। इस दौरान उन्होंने झूला झूलकर महोत्सव की शुरूआत की और इसके बाद कदम का पौधा रोपित करके तीज उत्सव पर हरियाली का संदेश दिया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं दीं तथा इस पर्व की विशेषता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष में विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं तथा यहां मनाए जाने वाले त्यौहारों का अपना-अपना महत्व है। इन त्यौहारों को जब हम सभी मिलकर मनाते हैं तो जहां एक तरफ इन्हें मनाने का आनंद बढ़ता है वहीं दूसरी तरफ एकता और राष्ट्रीयता की भावना का संचार होता है। मुख्यातिथि ने कहा कि तीज उत्सव में महिलाएं मिल-जुलकर नाचती-गाती हैं तथा अपने मायके से आई हुई कोथली व सिंधारे को एक-दूसरे के साथ मिल बांटकर खाती हैं। इस अवसर पर झूला झूलने की विशेष परंपरा है। इस अवसर पर पूर्व स्नातकोत्तर अधिष्ठाता डॉ. आशा क्वात्रा, किरण सिंह, अनीता सहरावत, डॉ. मंजू दहिया, डॉ. कृष्णा हुड्डा, मीनू जैन, डॉ. यादविका, डॉ. महेंद्र, डॉ. मंजू आदि उपस्थित रहीं।