बूथ स्तर तक बनाएंगे मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम : चित्रा सरवारा

July 17, 2022

बूथ स्तर तक बनाएंगे मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम : चित्रा सरवारा

बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से पूरा प्रदेश त्रस्त : चित्रा सरवारा

नगर परिषद के भ्रष्टाचार से शहर में फैली अव्यवस्था : चित्रा सरवारा

कुरुक्षेत्र, 17 जुलाई  रवि पथ :

हम बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार करेंगे। गांव गांव जाकर आम आदमी पार्टी के संगठन को मजबूत किया जाएगा। आज महंगाई भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से प्रदेश की जनता त्रस्त है। ये बात आम आदमी पार्टी की नॉर्थ जोन की संयोजक चित्रा सरवारा ने रविवार को कहीं। वे राधा कृष्णा अस्पताल स्थित नॉर्थ जोन कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र नगर परिषद के भ्रष्टाचार की वजह से यहां की सड़कों का बुरा हाल है। शहर की सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है।

चित्रा सरवारा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर जनहित के मुद्दे उठाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में विपक्ष की भूमिका में आम आदमी पार्टी ही है और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता यह प्रण लेते हैं कि जनता की आवाज बनकर सरकार को चेताने का काम करेंगे।

चित्रा सरवारा ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने लगातार तीन बार सत्ता में आकर यह दिखा दिया कि भ्रष्टाचार रहित कट्टर ईमानदारी और कट्टर देशभक्ति के साथ जनसेवा हो सकती है, और यही काम पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान कर रहे हैं। वहीं हरियाणा की जनता ने भी मन बना लिया है। जिसके कारण नगर परिषद के चुनाव में आम आदमी पार्टी को दूसरे नंबर के वोट शेयर मिले हैं। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है। आने वाले नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी अपना प्रदर्शन और बेहतर करेगी और 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।

नॉर्थ जोन संयोजक चित्रा सरवारा ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी होगी जो भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर चैलेंज करेगी। आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी दल परेशान है और अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। सबसे कम समय में किसी पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है तो वह आम आदमी पार्टी है। इसके साथ उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ताओं की बैठक में सभी को जनहित के मुद्दे उठाने और जनहित के मुद्दों पर कुंभ कर्ण की नींद में सोई खट्टर सरकार को जगाने का संदेश दिया जाएगा। इस मौके पर नॉर्थ जोन सचिव योगेश्वर शर्मा, जोनल पंचायत राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरुदेव सिंह, विशाल खूब्बड़, प्रवक्ता सुमित हिंदुस्तानी, जिला कार्यकारिणी के अध्यक्ष मेवा राम, वरिष्ठ नेता बलबीर सैनी और वरिष्ठ नेता बंता राम मुख्य रूप से मौजूद रहे।