श्रुति चौधरी के स्वागत में उमड़ी भीड़, तीस मिनट का रास्ता हुआ 5 घंटे में तय

May 29, 2022

श्रुति चौधरी के स्वागत में उमड़ी भीड़, तीस मिनट का रास्ता हुआ 5 घंटे में तय

रोड शो के दौरान ग्रामीणों और शहरवासियों ने किया जगह-जगह स्वागत

भिवानी, 28 मई रवि पथ :

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली दफा अपने गृह नगर पहुंचने पर श्रुति चौधरी का लोगों ने भावभीना स्वागत किया। उनके स्वागत में इस कदर भीड़ उमड़ी कि नेशनल हाईवे और शहर के सर्कुलर रोड पर कई बार ट्रैफिक जाम की नौबत आई। करीब 16 किलोमीटर के रोड शो के दौरान लगभग 40 जगह काफिला रोककर नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष का फूल माला और बुके भेंट कर स्वागत किया। लोगों का भारी हुजूम देख श्रुति चौधरी ने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपके प्यार व समर्थन से मैं अभिभूत हूं।
शुक्रवार सुबह सवा 11 बजे नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व सांसद श्रुति चौधरी गांव फूलपुरा पहुंचीं। यहां डीजे और ढोल की थाप पर नाचते हुए कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने फूल बरसा कर श्रुति चौधरी का स्वागत किया। यहां नेता और कार्यकर्ताओं ने फूल माला और बुके भेंट किए। करीब एक किलोमीटर लंबा वाहनों का काफिला बामला व नौरंगाबाद पहुंचा तो रोड किनारे खड़े महिला व पुरुषों के अलावा अमर सिंह हालुवासिया, शीशराम मेचू, हरिसिंह सांगवान, शीशराम चेयरमैन, परमजीत मड्डू, सविता मान आदि ने श्रुति का गर्मजोशी से स्वागत किया।
टोल प्लाजा प्वाइंट पर सहकारी बैंक समिति के निदेशक कृष्ण लेघां व युवाओं की टोली और निनान गांव में पूर्व संसदीय सचिव रामकिशन फौजी व विकास, बाईपास पर बार एसोसिएशन के प्रधान सत्यजीत पिलानिया, उप प्रधान संजय सोनी, सचिव संजय तंवर, हरेंद्र भालोठिया, अमित ढूल, पवन परमार आदि ने बुके भेंट किए।
इसके बाद शहर के औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमी पीडी अग्रवाल, इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के प्रधान शैलेन्द्र जैन, व्यापारी नेता मीनू अग्रवाल, कांग्रेस नेता श्रीमती मीनू अग्रवाल आदि ने पूर्व सांसद का स्वागत किया। अग्रसेन चौक पर वरिष्ठ नेता रामप्रताप शर्मा, देवराज महता आदि और बावड़ी गेट पर सुरेश प्रजापत ने फूल माला भेंट की।
यहां से काफिला हनुमान गेट, हालुवास गेट, देवसर चुंगी, दिनोद गेट, कृष्णा कॉलोनी, घंटाघर, हांसी चौक होते हुए चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल पार्क स्थित पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह स्मृति स्मारक पर पहुंचा। यहां कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
इन लोगों ने भी किया स्वागत
अलग-अलग जगहों पर वरिष्ठ नेता दिलबाग निमडी, राजू मान, अजित फौगाट, अमन राघव, विजय खोरड़ा, सुशील धानक, मुकेश पहाड़ी, दीपेश सारसर, सुनील शास्त्री, सिया राम शर्मा, जगदीप सांगवान, अशोक ढोला, रविन्द्र खरे आदि ने भी नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
अब दिखेगा कांग्रेस का दम: श्रुति चौधरी
कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद श्रुति चौधरी अपने सम्मान में आयोजित वेलकम रोड शो में उमड़ी भीड़ से उत्साहित नजर आईं। कहा, अब दिखेगा कांग्रेस का दम। नगर निकाय चुनाव कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी और चुनावी नतीजों में कांग्रेस का दमखम दिखाई देगा।
रोड शो के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए श्रुति चौधरी ने कहा कि आप खुद देख लीजिए जनसैलाब को। यह भीड़ कांग्रेस की मजबूती को दर्शाता है।
लोगों में कांग्रेस को लेकर उत्साह है। स्थानीय निकाय चुनाव कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी। उम्मीदवारों का चयन आज-कल में हो जाएगा। एक सवाल के जवाब में पूर्व सांसद ने कहा कि आज के दिन भी कांग्रेस मजबूत है। कांग्रेस के 31 एमएलए हैं, भाजपा के 40 हैं। उन्होंने दावा किया कि अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस जीतेगी और सरकार बनाएगी।
उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर हमला किया और सवाल पूछा कि धरातल पर विकास कहां है, भाजपा वाले बताएं तो। पूरा हरियाणा बिजली संकट से जूझ रहा है। न पानी है और न अस्पताल, स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी का जवाब जनता स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन सरकार को देगी। उन्होंने कहा कि इस इलाके को हम एनसीआर में लेकर आए थे, लेकिन इन लोगों ने इलाके को एनसीआर से बाहर कर दिया। पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला को सजा के बारे में पूछे प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वे बुजुर्ग हैं। फिर भी कोर्ट का फैसला मानना होगा।