उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने प्रशासन से परिचय मुहिम का विधिवत शुभारंभ किया

July 16, 2021

उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने प्रशासन से परिचय मुहिम का विधिवत शुभारंभ किया

सोशल मीडिया माध्यम से आमजन ले सकेंगे विभागों की कार्यप्रणाली और योजनाओं की जानकारी

हिसार, 16 जुलाई  रवि पथ :

मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के तहत जिला हिसार में आरंभ की गई प्रशासन से परिचय मुहिम का उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने शुक्रवार को विधिवत रूप से शुभारंभ किया। शुभारंभ अवसर पर एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस मुहिम के तहत सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और उनके द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रशासन से परिचय मुहिम के तहत यूट्यूब पर एक चैनल बनाया गया है, जिस पर विभागों के अध्यक्षों के साक्षात्कार पोस्ट किए जाएंगे। वीडियो के माध्यम से संबंधित विभागों के अध्यक्ष अपने कार्यालयों की जानकारी देने के साथ-साथ संचालित की जा रही योजनाओं के बारे में भी बताएंगे। इस मुहिम से आमजन सरकार के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों व योजनाओं के लाभ के बारे में आसानी से जान सकेंगे। इस मुहिम की हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रशंसा कर चुके हैं। उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लाल फीताशाही को समाप्त करने के लिए अनेक पहल की गई हैं। प्रशासन से परिचय मुहिम भी इसी का एक हिस्सा है।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने सरकार की अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं पर भी जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में स्वामित्व योजना के तहत जिले के लक्षित गांवों में ड्रोन फ्लाइंग का कार्य पूरा हो चुका है और संपूर्ण नक्शे प्राप्त हो चुके हैं। लगभग 120 गांवों में पंजीकरण का कार्य चल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे ग्राम सचिवों से मिलकर टाइटल डीड का कार्य पूरा करवाएं, जोकि संपत्ति का पुख्ता प्रमाण है। इसी प्रकार से कोरोना महामारी के मद्देनजर किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि हिसार के नागरिक अस्पताल के बाद अब हांसी के नागरिक अस्पताल में भी ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना का कार्य आरंभ किया जा चुका है। इसी प्रकार से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को ऑक्सीजन पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा। नारनौंद में ऑक्सीजन की स्टोरेज के लिए टैंक की स्थापना का कार्य किया जा रहा है।

जिले में इस समय 250 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध है। अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या का बढ़ाया जा रहा है। तीसरी लहर से निपटने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसी प्रकार से जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों की पालना करवाने के लिए इंसीडेंट कमांडर को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लेने की अपील करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन महामारी से बचाव में सबसे अहम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी दीप ठक्कर ने बताया कि प्रशासन से परिचय मुहिम के लिए यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक तथा ट्विटर पर अकाउंट बनाए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए यूट्यूब चैनल https://www.youtube.com/channel/UCON_ga2rkzugAmai9tNN21Q इंस्टाग्राम अकाउंट https://www.instagram.com/prashasanseparichay/ फेसबुक अकाउंट https://www.facebook.com/Prashasanseparichay तथा ट्विटर अकाउंट https://twitter.com/PrashasanSe पर भी प्रशासन से जुड़ी गतिविधियों की नियमित अपडेट दी जाती है। उन्होंने आमजन को उपरोक्त सोशल मीडिया माध्यमों को शेयर व सब्सक्राइब करने की अपील की है।