ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर सुभाष बराला बोले:- जनता को छलने वाले राजनीतिक दलों को ऐलनाबाद कि जनता सिखाएगी सबक

October 11, 2021

ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर सुभाष बराला बोले:-
जनता को छलने वाले राजनीतिक दलों को ऐलनाबाद कि जनता सिखाएगी सबक

हर जोर जुल्म की टक्कर में विकास हमारा नारा है का पोस्टर किया लांच
” मौका आया हाथ में, चलो मनोहर सरकार के साथ में”।

सिरसा  रवि पथ :

जनता को छलने वाले राजनीतिक लोगों को ऐलनाबाद विधानसभा कि जागरूक जनता इस बार बखूबी सबक सिखाने का काम करेगी। भाजपा घोषणा पत्र भी जल्द जनता के बीच में जारी किया जाएगा और सरकार की “समान काम-समान विकास” कि नीति पर काम करते हुए यहां विकास कार्यों की झड़ी लगाई जाएगी। उक्त बातें पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व ऐलनाबाद उपचुनाव प्रभारी बनाए गए सुभाष बराला ने आज रानियां रोड पर स्थापित किए गए भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। सुभाष बराला ने इस दौरान हर जोर जुल्म की टक्कर में विकास हमारा नारा है, का एक पोस्टर भी लांच किया। बराला ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने किसानों की दशा सुधारने के लिए तीन कृषि कानून बनाए, लेकिन विपक्षी राजनीतिक दलों व कुछ किसान संगठनों ने अपनी रोटियां सेंकने के लिए किसानों को बरगलाकर आंदोलन करवा दिया। सरकार की किसानों के साथ कई दौर की बातचीत भी हुई, लेकिन सहमति न बनने पर कोर्ट ने इन कानूनों पर डेढ़ साल के लिए स्टे लगा दिया। बावजूद इसके विपक्षी दलों ने किसानों को आंदोलन की आग में झोंकने पर मजबूर कर दिया।
सुभाष बराला ने कहा कि इनेलो से पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने बजाय ऐलनाबाद का विकास करवाने के किसानों के समर्थन में अपने पद से इस्तीफा दे दिया और ये भी कहा कि जब तक कानून वापस नहीं होते, वे विधानसभा नहीं जाएंगे, लेकिन ऐलनाबाद उपचुनाव में एक बार फिर उन्होंने अपने आप को उम्मीदवार घोषित कर स्वार्थ की राजनीति का उदाहरण दे दिया है। जबकि उनके इस्तीफे से कोई फर्क नहीं पडऩे वाला था। बराला ने कहा कि ऐलनाबाद की जागरूक जनता भी उनसे सवाल करेगी कि वो किस मुंह से वोट मांगने उनके पाए आए हैं। ये सिर्फ और सिर्फ एक चुनावी स्टंट था, जिसे जनता बखूबी समझ चुकी है और ऐसे लोगों को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। बराला ने कहा कि बेशक ये चुनाव चुनौती भरा है, लेकिन ऐलनाबाद की जनता के लिए ये उपचुनाव एक अवसर लेकर आया है कि वो सत्ता में भागीदारी कर विकास के मार्ग प्रशस्त करे। उन्होंने बताया कि 2005 के बाद से ऐलनाबाद में सत्ता पार्टी का विधायक नहीं आया है, जिसके कारण जनता विकास को तरस रही है। जो लोग 17 साल में विकास नहीं करवा सके, वो अब क्या विकास करवाएंगे। उन्होंने बताया कि चाहे बात रोजगार की हो या विकास की इन लोगों ने कभी बाहर निकलकर लोगों की समस्याओं को जाना ही नहीं। उन्होंने ऐलनाबाद में भाजपा उम्मीदवार के साथ गुरुद्वारे से बाहर निकाले जाने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं निंदनीय हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भी इसे निंदनीय करार दिया।
सुभाष बराला ने कहा कि गोबिंद कांडा की समाजसेवा के मामले में छवि सिरसा जिले में बेहतरीन है, जिसका उन्हें व पार्टी को फायदा मिलेगा। बराला ने कहा कि ऐलनाबाद की जनता के लिए एक नया दौर आने वाला है और वे इस मौके को अपने हाथ से न जाने दें। बराला ने सेमग्रस्त भूमि के लिए बनाए गए प्लान के बारे में बताया कि सरकार ने इस समस्या से निजात के लिए योजना तैयार कर ली है और उस पर काम भी शुरू कर दिया गया है। जिससे किसान अपनी भूमि पर फिर से काश्त कर पाएंगे। रोजगार के आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए बराला ने बताया कि 1999 से लेकर 2004 तक 11800 लोगों को रोजगार मिला, 2005 से लेकर 2014 तक 20000 लोगों को और 2015 से लेकर अब तक भाजपा सरकार में 90000 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिली है, जोकि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इस मौके पर उनके साथ पूर्व परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार, जिलाध्यक्ष आदित्य देवीलाल चौटाला, प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण अत्रे, कपिल सोनी एडवोकेट उपस्थित थे।

 

ऐलनाबाद की जनता के लिए सत्ता में हिस्सेदारी करने का सुनहरा अवसर
2005 के बाद ऐलनाबाद क्षेत्र से कोई भी विधायक सत्ताधारी पार्टी का बनकर नहीं आया है। इसलिए ऐलनाबाद की जनता के पास इस उपचुनाव में सरकार में हिस्सेदारी करने का सुनहरा मौका है, भारतीय जनता पार्टी की सरकार के हरियाणा प्रदेश में अभी 3 साल बाकी है और ऐलनाबाद की जनता अब समझ चुकी है कि हमारे क्षेत्र का विकास सत्ताधारी पार्टी का विधायक ही कर सकता है।

अभय चौटाला ने केवल चुनावी वादे किए:-सुभाष बराला
ऐलनाबाद से विधायक रह चुके अभय सिंह चौटाला ने ऐलनाबाद की जनता के लिए केवल चुनावी वादे किए और चुनाव जीतने के बाद एक बार भी जनता के बीच में आकर उनकी समस्याओं को नहीं जाना। ऐलनाबाद कि जनता को समझ आ गया है कि अभय सिंह चौटाला केवल चुनावी वादे करता है। गठबंधन सरकार का प्रत्याशी गोविंद कांडा ही इस क्षेत्र के विकास में चार चांद लगाएगा। भाजपा सरकार ऐलनाबाद क्षेत्र में स्थानीय क्षेत्रवाद को समाप्त कर “सबका साथ, सबका विश्वास व सबका विकास” नारे के साथ प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को ऐलनाबाद क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रही है। ताकि इस क्षेत्र की जनता पिछली सरकारों के चुनावी जुमलो से बचकर अपने चहेते गठबंधन के प्रत्याशी गोविंद कांडा को भारी मतों से जिता कर विधानसभा भेजेगी।