सत्याग्रह कार्यक्रम में कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला -किरण चौधरी ने भाजपा सरकार को अंधी, बहरी व गूंगी सरकार बताया

October 31, 2020

सत्याग्रह कार्यक्रम में कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला -किरण चौधरी ने भाजपा सरकार को अंधी, बहरी व गूंगी सरकार बताया

भिवानी, 31 अक्टूबर रवि पथ :

लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस पर किसान-आढ़ती-मजदूरों के समर्थन में आयोजित सत्याग्रह कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा, पूर्व सीएलपी लीडर किरण चौधरी, पूर्व सांसद श्रुति चौधरी समेत वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा, केंद्र और राज्य की अंधी, बहरी और गूंगी भाजपा सरकार को जनता ने जड़ से उखाड़ने का मन बना लिया है। अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। साथ ही कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी-राहुल गांधी के संघर्ष के रास्ते पर चल कर ने कृषि कानून को रद्द कराने का संकल्प भी लिया।
शनिवार को यहां चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल पार्क के सामने आयोजित सत्याग्रह कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा, वरिष्ठ नेता किरण चौधरी, पूर्व सांसद श्रुति चौधरी समेत कई पूर्व विधायक और नेताओं-कार्यकर्ताओं ने करीब पांच घंटे किसान, मजदूर और आढ़तियों के समर्थन में धरना दिया। वक्ताओं ने भाजपा पर किसानों को छलने का आरोप लगाया। नए कृषि कानून की वजह से किसान अपने ही देश में मजदूर बन जाएगा।


प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने इस बात पर चिंता जताई कहा कि किसान के भविष्य को पूंजीपतियों की झोली में डाला जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से कहा कि एमएसपी को गारंटेड कर दो, जैसा राहुल गांधी के निर्देश पर पंजाब सरकार ने किया है, उसी समय हमारा आंदोलन खत्म हो जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि फसलों पर एमएसपी इंदिरा गांधी की देन है, अब भाजपा एमएसपी को खत्म करने पर आमादा है। जिस प्रकार आजादी के आंदोलन में सत्याग्रह आंदोलन करके अंग्रेजों को घुटने टेकने को मजबूर किया था, उसी तरह से कांग्रेस कृषि कानून पर केंद्र की भाजपा सरकार को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर देगी। उन्होंने कहा कि अब भाजपा को चलता करने का समय आ गया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर तीनों कानूनों को रद्द किया जाएगा। कुमारी सैलजा ने फरीदाबाद में उनके साथ हुई अभद्रता पर रोष जताते हुए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।
—-

भाजपा ने हर वर्ग को बर्बाद किया: किरण चौधरी
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी ने झूठे वादे करके हरियाणा को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर जोरदार हमला बोला। किसान खून के आंसू रो रहा है। हर वर्ग सड़क पर है। कहां तो भाजपा वाले किसान की आमदनी दोगुनी करने की बात कह रहे थे। जबकि किसान अपनी फसल बेचने के दर-दर की ठोकरें खा रहा है। एमएसपी पर फसल की खरीदी नहीं हो रही है। बेरोजगारी में हरियाणा नंबर दो पर आ गया है। श्रीमती चौधरी ने केंद्र व राज्य सरकार को अंधी, बहरी और गूंगी बताते हुए कहा कि अब जनता ने भाजपा को जड़ से निकालने का मन बना लिया है। इनकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। बरौदा उप चुनाव में पता लग जाएगा।
उन्होंने ‘नए कानून…धिक्कार है, धिक्कार है’ के नारे लगवाए और कहा कि केंद्र सरकार कानून में केवल एक लाइन जोड़ दे कि एमएसपी से नीचे खरीदने पर जेल होगी। लेकिन सरकार ऐसा करने को तैयार नहीं है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने भिवानी के लोगों से किसी के झांसे में न आने का अनुरोध किया और कहा कि बीते छह साल में भिवानी का बुरा हाल हो गया है। उन्हें सारी रात नींद नहीं आती है।
पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार को कारपोरेट की सरकार की संज्ञा देते हुए कहा कि किसान अपने जीवन के लिए लड़ रहा है, लेकिन सरकार कारपोरेट घरानों के लिए फिक्रमंद है। किसान से वादा तो आमदनी दोगुनी करने का किया था, लेकिन लागत भी नहीं मिल रही है। उन्होंने किसान-मजदूर की लड़ाई के लिए सोनिया और राहुल गांधी की तारीफ की

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
पूर्व विधायक सोमबीर सिंह, रामकिशन फौजी व धर्मपाल सांगवान, अमर सिंह हलवासिया, रामप्रताप शर्मा, सुरेंद्र परमार, शीशराम मेचू, अजीत फौगाट, अशोक ढोला, अशोक बुवानीवाला, देवराज महता, कृष्ण लेघां, परमजीत मड्डू, राव अर्जुन सिंह, देवेंद्र हुडीना, दिलबाग निमडी, विजय खोरडा, सतबीर सिरसी, जगदीप सांगवान, डा. ओमप्रकाश आदमपुर, दीपेश सारसर, मुकेश पहाड़ी, सुशील धानक, सुरेंद्र नंबरदार, सत्या लेघां, जयचंद चैहडिया, सुनील सिंघानी, मुंशीराम सिवानी, संजय सोनी, रविन्द्र खरे आदि मौजूद रहे।