कार्यकर्ताओं के राष्ट्र समर्पण की बदौलत विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन भाजपा: ढांडा

April 6, 2021

कार्यकर्ताओं के राष्ट्र समर्पण की बदौलत विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन भाजपा: ढांडा

कलायत विधानसभा के राजौंद मंडल में गांव काकौत में हुआ मंडल स्तरीय आयोजन

कैथल रवि पथ न्यूज़ :

महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव की बदौलत और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा और मजबूत नेतृत्व की बदौलत भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन बना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हमें मिलकर राष्ट्र विरोधी ताकतों का सामना करते हुए अपने देश और संगठन को सशक्त बनाना है।

मंगलवार को उन्होंने काकौत गांव के नवनिर्मित सामुदायिक भवन में ध्वजारोहण कर भारत माता, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। अपने संबोधन में राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने विश्व के सबसे बडे लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के 41वें स्थापना दिवस अवसर पर संगठन की मजबूत नींव के आधार कार्यकताओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव, सामाजिक ताने-बाने को सशक्त बनाने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। वर्ष 1984 में भाजपा 2 सीटों के साथ देश की सबसे बडी पंचायत में पहुंची थी और आज सर्वश्रेष्ठ नेतृत्व के साथ भाजपा विश्व में भारत को गौरान्वित कर रही है। भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर वर्तमान में जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व तक संगठन ने जो विस्तार प्राप्त किया है, वह देश की जनता की निरंतर उम्मीदों पर खरा उतरने के फलस्वरूप संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि लाखों कार्यकर्ताओं के बलिदान, संघर्ष की बदौलत भाजपा आज देश को अंदरूनी और बाहरी मोर्चे पर मजबूत बनाने में कामयाब रही है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि हम एक ऐसे संगठन के कार्यकर्ता हैं, जहा राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय तथा परिवार तृतीय प्राथमिकता रहता है। ऐसे भाव और संस्कार केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता में ही देखने को मिलते हैं। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व से लेकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र की प्रगति को रोकने वाली तमाम चुनौतियों का सामना करके, असामाजिक एवं राष्ट्र विरोधी विचारधाराओं को सबक सिखाते हुए कडे मगर समय के अनुरूप निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि आज हम डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी और लाखों ज्ञात-अज्ञात कार्यकर्ताओं के बलिदान पर उनकी विचारधारा को मजबूती से आगे बढा रहे हैं तथा पंडित दीन दयाल उपाध्याय के समाज के अंतिम छोर पर अंतिम पंक्ति में मौजूद अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजना का लाभ पहुंचना सुनिश्चित कर रहे हैं।

राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि हमे गर्व है कि कोरोना संक्रमण के आगाज से लेकर वर्तमान में इसके रफतार पकडने के दौरान भी भाजपा कार्यकर्ता ने गली-कूचे तक अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते हुए जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क खाना उपलब्ध करवाने से लेकर, मास्क वितरण तथा जरूरतमंदों को उनके घर तक पहुंचने की व्यवस्था करवाना तय किया है। ऐसा इसलिए संभव हो पाया है कि भाजपा के संस्कार में ही जनसेवा का भाव है। इससे पूर्व उन्होंने अपने कैथल राजेंद्रा सेठ कालोनी स्तिथ आवास पर भाजपा झंडारोहण किया तथा सेक्टर 19 स्तिथ जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सुना। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कपिल दीक्षित, सरपंच नरेश कुमार, निरंजन सिंह, बलबीर उर्फ बाली काकौत, भगतु राम, जोगेंद्र नम्बरदार,जग्गा राम, सुरेन्द्र, काशी राम, रामचन्द्र, मांगेराम, कर्ण सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।