25 सितंबर के बाद बदलेगा देश का राजनीतिक समीकरण: अभय चौटाला

September 14, 2022

25 सितंबर के बाद बदलेगा देश का राजनीतिक समीकरण: अभय चौटाला

कहा, देश के दिग्गज राजनीतिज्ञों के अलावा लाखों करेंगे जननायक को श्रद्धासुमन अर्पित

सिरसा, 14 सितम्बर रवि पथ :

इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जिला फतेहाबाद में आगामी 25 सितंबर को चौधरी देवी लाल जयंती पर होने वाले सम्मान दिवस रैली ऐतिहासिक होगी क्योंकि इसी दिन देश में तीसरे मोर्चे के गठन की रूपरेखा तय होगी। वे बुधवार को डबवाली रोड स्थित इनेलो के विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि चौधरी देवी लाल जयंती समारोह में जननायक को नमन करने के लिए न केवल हरियाणा बल्कि पंजाब, राजस्थान, उत्तरप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में लोग शिरकत करेंगे।
इनेलो नेता ने कहा कि देश प्रदेश में अभी तक लोगों के पास कोई राजनीतिक विकल्प नहीं था मगर इसी दिन भाजपा कांग्रेस के खिलाफ तीसरे मोर्चे के गठन की कवायद आरंभ होगी जिसमें देश के विपक्षी राजनीतिक दलों के कद्दावर नेता अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में सीबीआई व ईडी के माध्यम से राज करना चाहती है जिसे कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोड़ा कि यदि सरकारी एजेंसियां कानून सम्मत कार्रवाई करती हैं तो उन्हें किसी प्रकार का कोई एतराज नहीं है। इनेलो नेता ने इस अवसर पर कहा कि सम्मान दिवस रैली के बाद देश प्रदेश में बड़े पैमाने पर राजनीतिक स्तर पर काफी बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने जेजेपी की ओर संकेत के रूप में कहा कि जो लोग चौधरी देवी लाल के नाम पर सत्ता में हैं, वे आज उनकी जयंती पर आयोजन करने का भी साहस नहीं जुटा पा रहे। उन्होंने कहा कि जेजेपी आज पूरी तरह से फेल हो चुकी है और यह बात प्रदेश की जनता आगामी 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों में मोहर लगाकर साबित करेगी। उन्होंने कहा कि विकास का ढिंढोरा पीटने वाली वर्तमान भाजपा जजपा सरकार के कार्यकाल में राजकीय स्कूलों को बंद कर शिक्षा का व्यवसायीकरण किया जा रहा है। रोजगार के मामले में हरियाणा देश में नंबर वन है और रोजगार हासिल न होने के कारण युवा नशे व अपराध की ओर बढ़ चला है।
इनेलो नेता ने सम्मान दिवस रैली को इनेलो के सभी प्रकोष्ठों की ओर से 22 जोनों में बांटकर इसकी तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली में जहां हरियाणा से महिलाएं काफी संख्या में ‘हरी चुनरी’ व ‘हरा सूट’ पहनकर आएंगी। वहीं पुरुष भी हरी पगड़ी पहनकर इस रैली की ऐतिहासिकता में महत्ती भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इस सम्मान दिवस रैली में किसी भी व्यक्ति को पेयजल अथवा किसी भी अन्य प्रकार की कोई असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक पैमाने पर प्रबंध किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस सम्मान दिवस रैली में जहां देश के विभिन्न राज्यों से लाखों लोग अपने जननायक को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वहीं देश के राजनीतिक पटल पर सर्वोपरि माने जाने वाले इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला, पंजाब के पूर्व सीएम सरदार प्रकाश सिंह बादल, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार, बिहार के सीएम नीतिश कुमार, राज्यपाल सत्यपाल मलिक, फारुक अब्दुल्ला, टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा, उत्तरप्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव व सीताराम येचूरी भी पूर्व उपप्रधानमंत्री  देवी लाल के चरणों में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन द्वारा प्रदेश और देश के विकास में दिए गए योगदान को याद करेंगे।
इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी को युवा इनेलो नेता कर्ण चौटाला, महिला प्रकोष्ठ की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने भी संबोधित किया। उनके अलावा बैठक में इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, इनेलो किसान सैल के प्रदेश संयोजक फूल सिंह मंजूरा, महिला प्रदेश संयोजक सुमित्रा देवी, वेद मुंडे, नरेंद्र प्रजापत, पूर्व विधायक डॉ. सीताराम सहित अनेक वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।