राष्ट्र के प्रति समर्पण ही सच्ची राष्ट्र सेवा: डा. अभय सिंह

May 30, 2021

राष्ट्र के प्रति समर्पण ही सच्ची राष्ट्र सेवा: डा. अभय सिंह

रवि पथ: 

आज भाजपा विधायक नांगल चौधरी डॉ अभय सिंह यादव के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र में भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल के 2 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 मई के दिन सेवा दिवस के रुप में मनाया। नांगल चौधरी की बाल्मीकि बस्ती में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मास्क एवं एवं सैनीटाइजर वितरण का काम किया। इस अवसर पर डाँ अभय सिंह यादव ने समस्त क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा सरकार नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में अपने दूसरे कार्यकाल का दूसरा वर्ष पूरा होने के अवसर पर इसे सेवा दिवस के रूप में मना रही है। इस वक़्त देश के सामने जो चुनौती है वह महामारी का प्रकोप है जिसे सभी को मिलकर समाप्त करना है। इसके लिए सभी को व्यक्तिगत सावधानी के माध्यम से पूरे समाज को सावधान करना है। इस बीमारी का प्रकोप एवं परिणाम काफी खतरनाक रहे हैं। अतः सारे समाज को मिलकर इस महामारी से लड़ना है, तभी हम इसे हरा पाएंगे। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि कोरोना नियमों का पालन करते हुए उचित दूरी बनाकर अपने दिन प्रतिदिन के कार्य संपन्न करें।


डॉ यादव ने सभी लोगों का आवाहान करते हुए कहा कि भाजपा की मूल संस्कृति समर्पण एवं देश के प्रति प्रतिबद्धता है । इस सेवा दिवस के अवसर पर हम सभी को अपने दिल से देश की भलाई के लिए समर्पित करने का संकल्प लेना चाहिए। जहाँ राष्ट्रहित की बात हो वहां निजी हित की परवाह ना करते हुए राष्ट्रहित में राष्ट्र सेवा करनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक की सबसे उत्तम राष्ट्र के प्रति सेवा उसके अपने निजी जीवन में उच्च मूल्यों की प्राथमिकता है। क्योंकि यदि प्रत्येक व्यक्ति व्यक्तिगत जीवन को उच्च मूल्यों पर आधारित बना लेगा तो समस्त राष्ट्र एक मूल्यवान संस्कृति की धरोहर बन जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका यह मानना है कि बहुत अधिक धन दौलत से कहीं अधिक मूल्यवान किसी व्यक्ति द्वारा समाज के लिए की गई सेवा है। क्योंकि समाज व्यक्ति का मूल्यांकन कभी भी धन से नहीं करता अपितु उसके द्वारा समाज के लिए किए गए कामों से करता है एवं इतिहास केवल कर्म और पराक्रम को पहचानता है धन संचय को नहीं। अतः इस सेवा दिवस पर हम सबको अपने अन्दर राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं त्याग को जागृत करना है। समाज सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। जब समाज सुखी रहेगा तो राष्ट्र सुखी रहेगा।
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता दयाराम यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष पूर्ण गोठड़ी, मंडल महामंत्री सरजीत सिंह, बीजेपी आईटीआई सेल के मोहनलाल, नांगल चौधरी नगरपालिका के उपाध्यक्ष निहाल सिंह तँवर, पार्षद संतलाल, मुकेश शर्मा पार्षद व अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।