भाजपा कर रही है तिरंगा यात्रा का राजनीतिकरण-एडवोकेट खोवाल

August 13, 2021

भाजपा कर रही है तिरंगा यात्रा का राजनीतिकरण-एडवोकेट खोवाल

तिरंगा की आड़ में देश के संसाधनों का किया जा रहा है गलत इस्तेमाल

हिसार, 13 अगस्त रवि पथ :

हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने भाजपा सरकार पर तिरंगा यात्रा का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि किसान आंदोलन के चलते भाजपा नेताओं का हर जगह विरोध हो रहा है, इसलिए अब वे तिरंगा का सहारा लेकर जनता के बीच जा रहे हैं, जबकि जनता भाजपा नेताओं को पहले ही सिरे से नकार चुकी है। एडवोकेट खोवाल ने कहा कि तिरंगा हर देशवासी की आन बान शान है, लेकिन तिरंगा का राजनीतिकरण करना संविधान की मूल भावना का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पिछले करीब सवा साल से किसानों के विरोध के चलते न तो कोई बैठक कर पा रहे थे और न ही जनता के बीच जा रहे थे। जिसके चलते वे काफी हताश थे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के नाम पर छूट मिलने के बाद अब भाजपा नेता तिरंगा का सम्मान करने की बजाए इसका यात्रा का गलत फायदा उठा रहे हैं। एडवोकेट खोवाल ने कहा कि यह हताशा का ही परिणाम है कि भाजपा के विधायक डॉ कमल गुप्ता तिरंगा का अपमान करने की बात कर रहे हैं। यह प्रीवेंशन ऑफ इन्सल्ट टू नेशनल ऑनर एक्ट के सेक्शन टू की अवहेलना है, जो एक आपराधिक मामला बनता है, लेकिन शिकायत के बावजूद उनपर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एडवोकेट खोवाल ने सवाल उठाया कि इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश के संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। किसान पहले ही स्पष्ट कर चुके है कि वे इस तिरंगा यात्रा का कोई विरोध नहीं करेंगे, लेकिन फिर भी तिरंगा यात्रा के दौरान आरएएफ का सहारा लिया जा रहा है, जबकि यह एक पार्टी का कार्यक्रम है। एडवोकेट खोवाल ने कहा कि जनता भाजपा के नेताओं को नकार चुकी है। इसी बौखलाहट में अब भाजपा के स्वयंभू नेता इस तिरंगा यात्रा की आड़ में अपनी राजनीति चमकाने की असफल कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नेताओं का वास्तव में ही जनाधार है तो वे तिरंगा का सहारा छोड़कर लोगों के बीच जाएं ताकि उन्हें वास्तविकता का आभास हो सके।