भाजपा व आप चण्डीगढ़ और एसवाईएल पर कर रहे हैं कोरी राजनीति: किरण चौधरी

April 3, 2022

भाजपा व आप चण्डीगढ़ और एसवाईएल पर कर रहे हैं कोरी राजनीति: किरण चौधरी

चण्डीगढ़ में हरियाणा का हिस्सा है और रहेगा

भिवानी नगरपरिषद सहित समुचे हरियाणा में फैला भारी भ्रष्टाचार

भिवानी, 3 अप्रैल रवि पथ :

पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल की पूर्व नेता किरण चौधरी ने कहा है कि चंडीगढ़ में हरियाणा का बराबर का हिस्सा रहा है और आगे भी रहेगा। इस मुददे पर भाजपा तथा आप राजनीति कर रहे हैं। यह सब जनता का ध्यान महत्वपूर्ण मुददों से परे हटाने के लिए किया जा रहा है।
आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व महंगाई जनता के बड़े मुददे हैैं, लेकिन सरकार इन्हें सुलझाने की बजाये इन मुददों से जनता का ध्यान हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल के मुददे पर भी भाजपा कभी गम्भीर नहीं रही। महज राजनीति करने के लिए एसवाईएल की बात करती है।
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा एसवाईएल के मुददे पर हरियाणा के पक्ष में फैसला देने के बाद केंद्र सरकार का दायित्व बनता है कि वह इस फैसले को लागू करवाये और हरियाणा को इसके हिस्से का पानी दिलवाऐ। ऐसा ना करके भाजपा के नेता आए दिन नए ढोंग कर रहे हैं। एसवाईएल के मुददे पर केवल पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल सबसे अधिक गम्भीर रहे हैं। उनके कार्यकाल में एसवाईएल पर सबसे ज्यादा काम हुआ। बाद में तो केवल राजनीति ही हुई है। प्रदेश की जनता भाजपा व आप के नेताओं के मनसूबो को समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बुरी तरह फैल चुका है। इसका बड़ा उदाहरण भिवानी नगर परिषद में हुए करोड़ों रूपयों के घोटाले में देखा जा सकता है। साढ़े 14 करोड़ रूपए बिना किसी बिल के सरकारी खातों से दूसरे खातों में ट्रान्सफर कर दिये गए। वाबवजूद इसके मुख्य आरोपी नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष से अभी तक कुछ नहीं वसूला गया, जबकि नगर परिषद के अधिकारियों व बैंक अधिकारियों ने सीधा सीधा आरोप लगाया है कि यह पैसे नगर परिषद के अध्यक्ष ने निकलवाये हैं।
किरण चौधरी ने पूरे मामले की विस्तृत जांच की मांग करते हुए कहा कि आरोपी नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष व अन्य अधिकारियों से हड़पी गई करोड़ों रूपयों की राशि वसूल की जानी चाहिए। इन लोगों की सम्पतियां जब्त की जाये और नगर परिषद में पिछले पांच वर्षों के दौरान किये गए सभी घोटालों की सिलसिलेवार तरीके से जांच की जाये।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण में नगरपरिषद में करोड़ों रूपयों का भूमि घोटाला, नकली रसीद घोटाला, प्रोपर्टी आईडी घोटाला व असस्मेंट घोटाला हुआ है। आम जनता की करोड़ों रूपयों की खून पसीने की कमाई चंद लोगों की जेबों में चली गई हैं। अगर हड़पी गई राशि की हिसाब लगाया जाये तो यह 200 करोड़ रूपये से अधिक होगी। भिवानी की जनता को जहंा विकास से वंचित रखा गया वहीं सीधे सीधे उनकी जेबों पर डाका डाला गया है।
किरण चौधरी ने कहा कि भिवानी के अलावा फरीदाबाद व रेवाड़ी में भी बड़े घोटालों का पता चला है। जीरो टोलरेंस की बात करने वाली प्रदेश सरकार की नाक तले बड़े बड़े घोटाले हो रहे हैं व भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। चार महीने उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ाने के बाद अब सीधे सीधे 9 रूपए प्रति लीटर पेट्रोल के दाम बढ़ा दिये गए हैं और हरियाणा में भी पेट्रोल के दाम 101 रूपए प्रति लीटर पार हो चुके हैं। इसमें से केंद्र सरकार एक्साईज ड्यूटी के नाम पर 52 प्रतिशत हिस्सा ले रही है। उन्होंने सरकार से एक्साईज ड्यूटी समाप्त कर जनता को फोरी तौर पर राहत देने की मांग की।
सरकार को किसान विरोधी बताते हुए उन्होंने कहा कि डीएपी की दरे 150 रूपए प्रति बैग बढ़ा दी गई है। बिजाई के समय किसानों को न तो डीएपी मिलती है और न ही सिंचाई का पानी। जबकि प्रदेश के कृषिमंत्री पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध करवाने के दावे करते हैं। अब इन सभी दावों की पोल खुल चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों के बच्चों को भी नहीं बख्शा है। 134ए के तहत दाखिलों पर रोक लगा दी गई है ताकि गरीबों के बच्चे अच्छे स्कूलों में न पढ़ सके। सरकार केवल जाति व धर्म का भेदभाव फैलाकर लोगों को गुमराह कर रही है और असली मुददों से जनता को भटका रही है।