पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस की लोकप्रियता का पता चल जाएगा:ओमप्रकाश धनखड़

August 25, 2020

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस की लोकप्रियता का पता चल जाएगा:ओमप्रकाश धनखड़

-कांग्रेस में आपसी वर्चस्व की लडाई को लेकर मचा घमासान:रामबिलास शर्मा

महेन्द्रगढ़,25 अगस्त  रवि पथ :

हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो.रामबिलास शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद लिया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा ने भाजपा संगठन व अन्य विषयों पर बारीकी से विचार विमर्श किया वहीं उन्होंने प्रदेश भाजपा द्वारा प्रदेश कार्यकारिणी की गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को भाजपा जिला अध्यक्षों की घोषणा व पुराने कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह देने के लिए उनका आभार प्रकट किया।


इस अवसर पर श्री धनखड़ व श्री शर्मा ने बरोदा उपचुनाव को लेकर कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन भारी बहुमत से बरोदा उप चुनाव जीतेगा। भाजपा-जजपा बरोदा उपचुनाव प्रदेश में करवाये गये विकास कार्यो के बलबूते पर जीतेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस की लोकप्रियता का पता चल जाएगा। कांग्रेस ने अपने 10 वर्षों के शासनकाल में केवल प्रॉपर्टी डीलिंग व सीएलयू के अलावा प्रदेश की जनता के लिए कोई कार्य नही किया। प्रदेश की भोली-भाली जनता को सिर्फ बरगलाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि भाजपा 36 बिरादरी की पार्टी है इसमें छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेवारी दी जा सकती है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास रहा है कि वह नेहरू गांधी परिवार से बाहर नहीं निकल पा रही।

उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्षों का आज तक का कार्यकाल देखो हर बार नया व्यक्ति भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है जबकि कांग्रेस में एक परिवार व्यक्ति विशेष का ही कब्जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस एक व्यक्ति विशेष व परिवार की पार्टी है इसका देश व प्रदेश में कोई जनाधार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपस में वर्चस्व की लडाई को लेकर घमासान मचा हुआ है कांग्रेस के ही कुछ वरिष्ठ नेता गांधी परिवार पर पत्र लिखकर अपनी खीज मिटा रहे हैं । एक दूसरे पर ट्वीट के माध्यम से हमला कर एक दूसरे को नीचा दिखाने की हर कोशिश कर रहे हैं। गांधी परिवार के खिलाफ बोलने वालों को अनुशासनता की चाबुक दिखाई जा कर जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र मेें किसी की आवाज को कब तक दबाया जा सकता है।