एचएयू के होम साइंस कॉलेज की सिंधु ने जीती वाद-विवाद प्रतियोगिता

September 22, 2021

एचएयू के होम साइंस कॉलेज की सिंधु ने जीती वाद-विवाद प्रतियोगिता

ई-लर्निंग बनाम क्लास रूम लर्निंग को लेकर रखे विचार

हिसार  22 सितंबर  रवि पथ :

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के इंदिरा चक्रवर्ती गृह विज्ञान महाविद्यालय में पारिवारिक संसाधन विभाग के द्वारा ऑनलाइन वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ई-लर्निंग बनाम क्लास रूम पढ़ाई रखा गया जिसमें प्रतियोगियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. बिमला ढांडा की देखरेख में किया गया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा का प्रचलन बहुत बढ़ गया। यह हमारे लिए जितना फ़ायदेमंद है उतना ही नुकसानदायक भीे हो सकता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। प्रतियोगिता का संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू मेहता ने किया। प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. कविता दुआ ने बताया कि प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता के माध्यम से ई-लर्निंग बनाम क्लासरूम लर्निंग को लेकर इसके पक्ष-विपक्ष में अपने विचार रखे। इसके लिए जहां एक ओर ई-लर्निंग को समय व पैसे की बचत वाली पढ़ाई बताया वहीं क्लास रूम लर्निंग को व्यावहारिक पढ़ाई बताते हुए कहा कि इससे इंसान का सामाजिक दायरा बढ़ता है और वह चीजों को गहराई से समझ पाता है। प्रतियोगिता में समय, कंटेट, वाकपटूता, संचार, आत्मविश्वास आदि के अंक निर्धारित किए गए थे जिसके आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में सिंधु ने पहला, योगिता ने दूसरा और पुष्पा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. चंद्रकला व डॉ. सरोज यादव ने निभाई। विजेता प्रतिभगियों को ई-प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।