बारिश के मौसम में अधिक से अधिक पौधे रोपित करें नागरिक : उपायुक्त

August 9, 2021

बारिश के मौसम में अधिक से अधिक पौधे रोपित करें नागरिक : उपायुक्त

सामाजिक संगठन, स्वयं सेवी संस्थाएं तथा जन प्रतिनिधि लोगों को करे जागरूक।

हिसार, 09 अगस्त  रवि पथ :

उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने जिले के नागरिकों से बारिश के मौसम में अधिक से अधिक पौधारोपण करने को आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पौधे रोपित करने के पश्चात् उनकी देखभाल करना अति आवश्यक है। पौधारोपण अभियान को गति देने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बहुत जरूरी है।
उन्होंने बताया कि जिले को हरा-भरा बनाने के लिए वन विभाग द्वारा 15 लाख 38 हजार से अधिक रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। वन विभाग द्वारा 9 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। जल शक्ति अभियान के अंर्तगत 3 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। इस अभियान के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक हजार पौधे दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पौधगिरी कार्यक्रम के तहत स्कूली विद्यार्थियों को भी पौधे वितरित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को भी 2 लाख पौधे वितरित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को भी कार्यालय परिसरों में खाली पड़ी भूमि पर अधिक से अधिक पौधे रोपित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले के सामाजिक संगठनों, स्वयं सेवी संस्थाओं तथा जन प्रतिनिधियों का भी आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए आगे आएं।