नेशनल गेम्स में हरियाणा के पहलवानों ने गाड़े झंडे

October 1, 2022

नेशनल गेम्स में हरियाणा के पहलवानों ने गाड़े झंडे
हरियाणा के पहलवानों ने पांच गोल्ड सहित झटके नौ मेडल

हिसार रवि पथ :

36वें नेशनल गेम्स में हरियाणा के पहलवानों ने नया रिकार्ड कायम कर दिया। पहली बार ऐसा हुआ है, जब सभी पहलवानों ने अपने-अपने भार वर्ग में मैडल जीते हो। यह जानकारी देते हुए हरियाणा कुश्ती संघ के अध्यक्ष रोहताश नांदल एवं उपाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह लोहान ने बताया कि खिलाडिय़ों ने अपने दांव-पेंच से अपने प्रतिद्वंदियों को पटखनी देते हुए राज्य के खाते में पदकों की बौछार कर दी। हरियाणा राज्य के पहलवानें ने कुश्ती में 5 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीते हैं।
हरियाणा राज्य कुश्ती एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह लोहान के अनुसार 87 किलोग्राम ग्रीको-रोमन श्रेणी में हरियाणा के सुनील ने पंजाब के हरप्रीत सिंह तथा 67 किलोग्राम ग्रीको-रोमन श्रेणी में हरियाणा के आशू ने पंजाब के करनजीत सिंह को हराकर स्वर्ण पदक जीते हैं। इसी प्रकार, 97 किलोग्राम फ्री-स्टाइल श्रेणी में हरियाणा के दीपक ने पंजाब के साहिल को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी श्रेणी में हरियाणा के प्रवीण कुमार ने कांस्य पदक जीत कर राज्य का नाम रोशन किया। इसी प्रकार 57 किलोग्राम फ्री-स्टाइल श्रेणी में अंतिम मुकाबला हरियाणा के ही खिलाडिय़ों के मध्य हुआ, जिसमें अमन ने स्वर्ण पदक तो उदित ने रजत पदक जीत कर नया इतिहास रच दिया। इसी प्रकार लड़कियों की फ्री स्टाईल कुश्ती मे 62 किलोग्राम में हरियाणा की मनीषा ने हरियाणा की ही शैफाली को हराकर स्वर्ण पदक जीता।

इसके अलावा 76 किलोग्राम फ्री-स्टाइल कुश्ती में हरियाणा की रितिका ने कांस्य पदक अपने नाम किया।  लोहान के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष रोहताश नांदल के कुशल मार्ग दर्शन में हरियाणा राज्य की कुश्ती टीम कोच ओम सहरावत व टीम मैनेजर महेन्द्र कम्बोज के नेतृत्व में टीम गुजरात गई थी। हरियाणा कुश्ती संघ के अध्यक्ष रोहताश नांदल एवं उपाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह लोहान ने सभी पदक विजेता खिलाडिय़ों को दी बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।