पर्यावरण संरक्षण हेतु दृढ़ संकल्प व एकजुटता जरूरी : मंडलायुक्त

September 30, 2022

पर्यावरण संरक्षण हेतु दृढ़ संकल्प व एकजुटता जरूरी : मंडलायुक्त

हिसार, 30 सितंबर रवि पथ :

हिसार की मंडलायुक्त गीता भारती ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जाने वाले कार्यों के लिए सामाजिक संगठनों, संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों को एकजुट होकर दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
वे शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस सभागार में जिला पर्यावरण योजना के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित वार्षिक सम्मेलन के उपरांत अधिकारियों से बातचीत कर रही थी। बैठक में उपायुक्त उत्तम सिंह भी उपस्थित थे। मंडलायुक्त ने बताया कि बढ़ते जा रहे पर्यावरण प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला पर्यावरण योजना के तहत निर्धारित किए जाने वाले मापदंडों की शत-प्रतिशत अनुपालना करना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए लोगों को जागरूक करने की भी आवश्यकता है। इस कार्य में स्कूलों के विद्यार्थी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावशाली ढंग से लागू किया गया है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध तथा फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर भी किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इस दिशा में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा जिले के विभिन्न 38 गांवों को रैड व येलो जोन में बांटा गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में पेड़-पौधों का अहम योगदान है। इसलिए बारिश के मौसम में अधिक से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित करके उनकी समुचित देखभाल भी करनी चाहिए।