56 इंच के सीने में दिल नहीं है: प्रियंका गांधी

May 7, 2019

56 इंच के सीने में दिल नहीं है: प्रियंका गांधी

रवि पथ ब्यूरो हिसार 7 मई

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिसार में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया।

प्रियंका ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला और कहा कि भाजपा पार्टी ने किसान, गरीब, मजदूर, छात्र, युवा, व्यापारी सभी वर्गों के साथ धोखा किया है।

प्रियंका वाड्रा ने कहा कि किसानों के नाम पर किसान सम्मान योजना शुरू करने वाली भाजपा ने सिर्फ किसानों को ठगा है। किसानों के फसल बीमा योजना के नाम पर करोड़ों रुपए इकट्ठे करके बैंकों को दिए और बैंकों से करोड़ों अरबों रुपए लेकर उद्योगपति विदेश भाग गए।

महिलाओं की सुरक्षा पर बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि बेटी बचाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के समय में बेटियां सुरक्षित नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि 56 इंच का सीने की बात करने वाले प्रधानमंत्री के सीने में दिल नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बार भी अपने लोकसभा क्षेत्र में जाकर गरीब किसान, कमेरे वर्ग से बातचीत तक नहीं की।
प्रियंका ने कहा कि किसान की पीड़ा को देखकर उनका दिल पसीज उठता है और प्रधानमंत्री एक किसान को ₹6000 मात्र साल भर में देने का ढोंग रच कर उसके साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश से उसका पुराना रिश्ता है यहां तक कि उसकी बेटी हरियाणा के लिए बास्केटबॉल खेलती है। मेरा हरियाणा से बड़ा भावुक रिश्ता है और मैंने हरियाणा के 1 किसान परिवार में एक दिन पूरा गुजारा और वही परिवार बाद में मेरे घर दिल्ली भी आया मुझे हरियाणा के लोगों से गहरा लगाव है।

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर बोलते हुए कहा की घोषणापत्र केवल 4 लोगों के बीच बैठकर बंद कमरे में नहीं बनाया गया। बल्कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस के बड़े बड़े नेताओं को देश के विभिन्न हिस्सों में प्रत्येक वर्ग के लोगों के पास भेजा और उनसे पूछा गया कि उनके लिए क्या जरूरत है और तब जाकर कांग्रेस ने घोषणापत्र तैयार किया।

नोट बंदी पर बोलते हुए प्रियंका ने कहा कि नोटबंदी में कोई भी साहूकार उद्योगपति लाइन में नहीं लगा बल्कि आम किसान और मजदूर वर्ग के लोगों को बैंकों की लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ा।

जीएसटी का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जीएसटी ने व्यापारियों की कमर तोड़ कर रख दी। छोटे व्यापारी और दुकानदार लोगों के साथ जीएसटी में भी छलावा किया गया है।

किसान फसल बीमा योजना का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि वह अनेक लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुकी है लेकिन एक भी किसान ऐसा नहीं मिला जिस ने यह कहा हो कि किसान बीमा योजना का पैसा उसे तब मिला जब उसे जरूरत थी प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों से 10 हजार करोड रुपए इकट्ठे करके किसी उद्योगपति के जेब में गए।