भ्रामक प्रचार करने वालों को तथ्य से जवाब दें कार्यकर्ता: ढांडा

July 10, 2021

भ्रामक प्रचार करने वालों को तथ्य से जवाब दें कार्यकर्ता: ढांडा

केंद्र-प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का आमजन को लाभ दिलाने का लें संकल्प

जींद रवि पथ :

महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की मजबूत नींव हैं। आज उन्हें संकल्प लेना है कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाएंगे। इससे न केवल वह भ्रामक प्रचार करने वाले लोगों को तथ्यों से जवाब दें, ताकि उन्हें भी अपनी भूल का अहसास हो सके।

वे शनिवार को कैथल रोड स्थित भाजपा कार्यालय परिसर में आयोजित जिला कार्यकारिणी बैठक को संबोधित कर रही थी। केंद्र-प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और कोरोना महामारी के दौरान संगठन के पदाधिकारियों द्वारा सराहनीय कदम पर अपने विचार रखते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि आमजन विशेषकर गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक के हित के लिए बहुत सारे प्रयास हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल तक, सभी ने ऐसी योजनाओं का क्रियान्वयन किया है, जिससे हर वर्ग-हर समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने संगठन के ध्वजवाहक प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी से आह्वान किया कि वो इन योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी लें। लाभ पाने के दायरे में आने वाले हर नागरिक को इसका लाभ दिलाएं। हर वर्ग, हर मोर्चा, हर प्रकोष्ठ का एक-एक कार्यकर्ता आज संकल्प ले कि वह अपने आसपास के दायरे में इन योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित कर देंगे तो इससे न केवल पार्टी की छवि बेहतर होगी, अपितु कार्यकर्ता भी मजबूत बनेंगे।
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि विपक्षी राजनीतिक दल भ्रामक प्रचार करके भाजपा संगठन और सरकार, दोनों को बदनाम करने की कोशिश करते रहते हैं। उनका मुकाबला तथ्य के साथ करें। जब हमारा हर कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को मजबूती के साथ लोगों के मध्य रखेगा तो इन लोगों की बोलती बंद हो जाएगी। हम मजबूती से अपनी बात रखेंगे तो हर आमजन में भी और विपक्षियों में भी सकारात्मक प्रभाव डालेंगे।


उन्होंने कहा कि हम राष्ट्र को प्रेम करने वाली और विकास को अपना मूल मंत्र मानने वाली दुनिया की सबसे बडी और मजबूत पार्टी के कार्यकर्ता हैं। हमारा दायित्व है कि हम पार्टी का संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी द्वारा दिए प्रत्येक निर्देश और हमारी केंद्र-प्रदेश सरकार की नीतियों और उनके लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खडे अंतिम व्यक्ति को दिलाने के लिए काम करें। मेरी जैसी सामान्य कार्यकर्ता को यहां तक पहुंचाने में पार्टी और कार्यकर्ताओं का बडा योगदान है। भाजपा में कुछ भी असंभव नहीं है। कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से काम करें तो बडे से बडा मुकाम मिल सकता है।
इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुवात की गई, जिसमें सांसद सुनीता दुग्गल, विधायक डॉ कृष्ण मिड्डा, जिला प्रभारी मुकेश गौड़, जिलाध्यक्ष राजकुमार मोर, पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।