कश्मीर में लीक हुआ था पेपर, राजकुमार ने हिसार लाकर नरेंद्र काे दिया था, एक करोड़ में हुई थी डील

August 14, 2021

कश्मीर में लीक हुआ था पेपर, राजकुमार ने हिसार लाकर नरेंद्र काे दिया था, एक करोड़ में हुई थी डील

रवि पथ :

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित हरियाणा पुलिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में कैथल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में खुलासा हुआ है कि यह पेपर जम्मू-कश्मीर से लीक हुआ था। वहां लीक होने के बाद ही पेपर हिसार पहुंचा था। यह पेपर हिसार तक लाने के लिए खांडा-खेड़ी निवासी राजकुमार को 20 लाख रुपए मिले थे। बाद में यह पेपर आगे और लोगों तक पहुंच गया। बता दें कि पेपर लीक मामले में अब तक कैथल में 17 और करनाल में 7 आरोपी पकड़े गए हैं। कैथल में 12 और करनाल में 7 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। कैथल के एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि हिसार के खांडा-खेड़ी निवासी राजकुमार ने 20 लाख रुपये में जम्मू-कश्मीर से पेपर लेकर हिसार निवासी नरेंद्र के पास पहुंचाया था। इसके लिए नरेंद्र से करोड़ रुपये की डील तय की हुई थी। नरेंद्र ने ही इस पेपर को बालाजी डिफेंस एकेडमी के संचालक रमेश को दिया था। नरेंद्र व रमेश ने अपने-अपने संपर्क में 12 से 18 लाख रुपये तक में सप्लाई की।

हरियाणा सरकार लिखी बोलेरो गाड़ी बरामद, प्रवेश को पकड़ना
बोकि डिटेक्टिव स्टाफ करनाल की टीम ने हरियाणा सरकार लिखी बोलेरो गाड़ी को भी गन्नौर के खुबड़ से बरामद कर लिया है। यह गाड़ी आरोपी पुलिस कर्मचारी लोकेश के पिता के नाम पर है। लोकेश तीन दिन के रिमांड पर है, जबकि मुख्य आरोपी सिपाही प्रवेश फरार चल रहा है। पुलिस ने 5 दिन के रिमांड पर चल रहे रौनक, मोहित, विक्की व बिजेंद्र को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है। परीक्षा में करनाल में तीन जगहों पर फर्जीवाड़ा सामने आया था। डिटेक्टिव स्टाफ ने कर्ण लेक पार्किंग से आरोपी रौनक और मोहित को गिरफ्तार किया था। आरोपी मोहित की स्विफ्ट कार में सवार थे। आरोपी रौनक ने खुलासा किया था कि उसकी जगह पर आरोपी विक्की पेपर दे रहा है। विक्की को पकड़ा तो उसने बताया कि उसकी परीक्षा इसी सेंटर में उसकी जगह बिजेंद्र दे रहा है। बिजेंद्र को भी गिरफ्तार किया था। इस दौरान आरोपी दो पुलिस कर्मचारी फरार हो गए। पुलिस ने एक पुलिस कर्मचारी लोकेश को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। लोकेश से पता चला कि आरोपियों से 6-6 लाख रुपए में पेपर दिलवा रहे थे। मुख्य आरोपी प्रवेश को पकड़ना बाकी है।