राष्ट्रीय सेवा योजना से होता है चरित्र निर्माण : डॉ.देवेंद्र सिंह दहिया

March 11, 2021

राष्ट्रीय सेवा योजना से होता है चरित्र निर्माण : डॉ.देवेंद्र सिंह दहिया

एचएयू की एनएसएस इकाई का सात दिवसीय शिविर गांव शाहपुर में शुरू

हिसार 11 मार्च् रवि पथ :

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सात दिवसीय वार्षिक शिविर का आयोजन गांव शाहपुर में किया गया। शिविर के प्रथम दिवस की शुरूआत हवन यज्ञ से की गई। कार्यक्रम में छात्र कल्याण निदेशक डॉ. देवेन्द्र सिंह दहिया बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। सहायक छात्र कल्याण निदेशक डॉ. जीत राम शर्मा व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर के प्रधानाचार्य कैलाश चन्द्र सैनी गणमान्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से विद्यार्थियों का न केवल चरित्र निर्माण होता है बल्कि सामाजिक छवि, व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास व नेतृत्व के गुणों का भी विकास होता है। राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. चन्द्रशेखर डागर तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता व डॉ. पंकज वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यातिथि ने स्वयंसेवको को राट्रीय सेवा तथा व्यक्तित्व विकास, चरित्र निर्माण तथा सकारात्मक सामाजिक छवि के निर्माण के लिए प्रेरित किया और पूरी मेहनत व लगन से इस शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कैलाश चन्द्र सैनी ने मनुष्य को आत्मिक शांति प्रदान करने में सहायक ध्याान के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा की। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु स्वयंसेवको को विभिन्न समूह में बांटा गया तथा इसके बाद स्वयं सेवकों ने पाठशाला परिसर की साफ-सफाई की। राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. चन्द्रशेखर डागर ने स्वयंसेवकों को उनके शिविर के दौरान योगदान तथा भागीदारी के लिए सराहना की।


संतुलित आहार से कराया अवगत
कैम्प के दौरान अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना, गृह विज्ञान (खाद्य और पौषण विभाग) की नोडल अधिकारी डॉ. वीनू सांगवान ने संतुलित आहार के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। इसलिए मनुष्य को अपने खानपान व सेहत पर विशेष ध्यान देना चाहिए। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों के साथ विचार-विमर्श करते हुए उनकी जीवनशैली, रहन-सहन आदि के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही ग्रामीणों को इस शिविर के बारे में जानकारी देते हुए इसमें बढ़चढक़र हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।