निकाय में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करेगी आम आदमी पार्टी : सुशील गुप्ता

June 2, 2022

पूर्व विधायक भरत सिंह छोक्कर आम आदमी पार्टी में शामिल

आप प्रदेश प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

निकाय में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करेगी आम आदमी पार्टी : सुशील गुप्ता

पार्टी को मजबूत करने का काम करूंगा, सही मायने में आम लोगों की पार्टी : छोक्कर

02 जून, 2022, पानीपत रवि पथ :

हरियाणा में आम आदमी पार्टी का कारवां लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को समालखा से पूर्व विधायक भरत सिंह छोक्कर ने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थामा। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद और प्रदेश प्रभारी सुशील गुप्ता ने भरत सिंह छोक्कर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। गौरतलब है कि पिछले वर्ष ये जनवरी में किसान आंदोलन के मुद्दे पर बीजेपी को अलविदा कह गए थे। इससे पूर्व, 2005 में कांग्रेस की टिकट पर समालखा से विधायक रहे हैं।

छोक्कर ने कहा कि वे आप आदमी पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे, साथ ही इस पार्टी की नीतियां सही मायने में आम आदमी को उनके हक दिलाने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि वे अरविंद केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। 29 मई को अरविंद केजरीवाल ने कुरुक्षेत्र में अब बदलेगा हरियाणा रैली को संबोधित किया था, उनको सुनने के लिए लाखों की तादाद में लोग कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। कुरुक्षेत्र में 45 डिग्री तापमान के बीच विशाल रैली हुई थी। दिल्ली में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, 24 घंटे बिजली-पानी, रोजगार और अन्य सुविधाओं को देखते हुए हरियाणा के लोग लगातार आम आदमी पार्टी से जुड़ना चाहते हैं।

उन्होंनेकहा कि इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए समालखा से कांग्रेस के विधायक रहे भरत सिंह छोक्कर अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। मैं आम आदमी पार्टी के परिवार में उनका स्वागत करता हूं। छोक्कर जी ऐसे ईमानदार व्यक्ति हैं जो विधायक ना रहते हुए भी अपने क्षेत्र में लोगों के काम करा रहे हैं।

डॉ. गुप्ता ने आगे कहा कि लोगों के जो काम नगरपालिका नहीं करा पा रही है उन कामों को छोक्कर साहब अपनी तनख्वाह देकर करा रहे हैं। आज आम आदमी पार्टी की लड़ाई हरियाणा में फैले हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ है। आज हम नगर पालिका, नगर निगम, नगर परिषद के अंदर एक ईंट उठाते हैं तो भ्रष्टाचार की लंबी कहानी निकलती है। आम आदमी पार्टी ने तय किया है कि अब इन सारी नगर पालिकाओं से, नगर परिषदों से भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और प्रदेश प्रभारी सुशील गुप्ता ने आगे कहा कि हरियाणा में विधायकों और चेयरमैन के साथ मिलकर सरकारी पैसों का भ्रष्टाचार हो रहा है, आम आदमी पार्टी उसको मिटाने का काम करेगी। आम आदमी पार्टी पहले ही 13 चेयरमैन के नामों की सूची जारी कर चुकी है। बाकी बचे हुए सभी लोगों की सूची कल तक जारी कर दी जाएगी। हरियाणा में आम आदमी पार्टी अपने सिंबल पर चुनाव लड़ रही है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्यवीर सिंह मलिक और अन्य नेता भी मौजूद रहे।